सीईटी: पीसीएम समूह की दूसरी एमएचटी-सीईटी परीक्षा का परिणाम घोषित, 12 विद्यार्थियों ने हासिल किए 100 पर्सेंटाइल

पीसीएम समूह की दूसरी एमएचटी-सीईटी परीक्षा का परिणाम घोषित, 12 विद्यार्थियों ने हासिल किए 100 पर्सेंटाइल
  • एमएचटी-सीईटी (पीसीएम समूह) की दूसरी परीक्षा का परिणाम घोषित
  • शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए इंजीनियरिंग, फार्मेसी और कृषि पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित एमएचटी-सीईटी परीक्षा

Mumbai News. राज्य सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईटी) सेल ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए इंजीनियरिंग, फार्मेसी और कृषि पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित एमएचटी-सीईटी (पीसीएम समूह) की दूसरी परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 12 विद्यार्थियों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। इनमें 10 विद्यार्थी महाराष्ट्र के तथा 2 अन्य राज्यों के हैं। 100 पर्सेंटाइल प्राप्त करने वालों में 2 छात्राएं भी शामिल हैं। मुंबई उपनगर की इप्शिता निकाले और हर्षवर्धन पाटील 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाले विद्यार्थियों में शामिल हैं। दूसरी एमएचटी-सीईटी (पीसीएम) परीक्षा 12 से 20 मई के बीच 11 सत्रों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 3,21,918 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 2,85,121 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें 1,74,698 छात्र, 1,10,413 छात्राएं तथा 10 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे। परीक्षा में 2,80,396 अभ्यर्थी महाराष्ट्र से तथा 4,725 अभ्यर्थी अन्य राज्यों से शामिल हुए। यह परीक्षा राज्य के 36 जिलों के 187 परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा पद्धति से आयोजित की गई। पहली बार जेईई की तर्ज पर विद्यार्थियों को दो बार प्रवेश परीक्षा देने का मौका मिला है। इसमें से जिस परीक्षा में ज्यादा पर्सेंटाइल मिला है उसे दाखिले के लिए स्वीकार किया जाएगा।

इन्हें मिला 100 पर्सेंटाइल

महाराष्ट्र के जिन 10 विद्यार्थियों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए, उनमें इप्शिता निकाले (मुंबई उपनगर), हर्षवर्धन पाटील (मुंबई उपनगर), नचिकेत येवले (रायगढ़), आदित्य तोरवे (पुणे), अथर्व घोरपडे (पुणे), सुजल जाधव (पुणे), मोहक चवले (चंद्रपुर), प्रथा अग्रवाल (वर्धा), शब्बर घाटीवाला (भंडारा) और आदित्य सतीश वानखेड़े (भंडारा) शामिल हैं। अन्य राज्यों से मान (सोनीपत, हरियाणा) तथा प्रांजल शर्मा (कटनी, मध्य प्रदेश) ने भी 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किए।

Created On :   19 Jun 2026 9:27 PM IST

Tags

Next Story