आग के गोले से निकले घुड़सवार, आरडी कैंप के लिए सिलेक्ट हुए फाइनल-10 कैडेट्स

10 cadets are selected for the final Republic Day camp in Delhi
आग के गोले से निकले घुड़सवार, आरडी कैंप के लिए सिलेक्ट हुए फाइनल-10 कैडेट्स
आग के गोले से निकले घुड़सवार, आरडी कैंप के लिए सिलेक्ट हुए फाइनल-10 कैडेट्स

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जो तेज हवा का झोंका है, उसको किसने रोका है, सबके लिए जो मुश्किल है, उसका वो मौका है। यहां तेज हवा के जैसी रफ्तार थी, तो राह रोकने मुश्किलें भी खड़ी थीं, इसके बावजूद बिना डरे, बिना रुके घुड़सवारों ने अपनी जांबाजी से पूरे माहौल को रोमांच से भर दिया। आग के गोले से निकले, एक के बाद एक हर्डल्स भी क्रॉस किए और रफ्तार का जादू भी खूब चलाया। यह नजारा सोमवार को वेटरनरी कॉलेज के मैदान में दिखाई दिया, जहां आरएंडवी यूनिट के प्री-आरडी कैंप के अंतर्गत वेटरनरी विवि द्वारा ग्रैंड हॉर्स शो का आयोजन किया गया। ऐसा पहली बार हुआ जब जबलपुर समेत महू, दुर्ग और रीवा के राइडर्स ने एक ही शो में अपनी हॉर्स राइडिंग स्किल्स दिखाईं। वहीं शो के बाद वह मौका आया, जिसके लिए कैडेट्स पिछले 7 दिनों से पूरा दमखम लगा रहे थे। प्री-आरडी कैंप में सिलेक्ट हुए फाइनल-10 कैडेट्स के नामों की घोषणा हुई, जो अब दिल्ली में रिपब्लिक डे कैंप में एमपी-सीजी डायरेक्टरेट का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह, किया पुरस्कृत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जबलपुर डिवीजन के कमिश्नर आशुतोष अवस्थी थे, वहीं अध्यक्षता कुलपति प्रो. प्रयागदत्त जुयाल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एएस चहल, नरसिंहपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना एवं वेटरनरी विवि के डीन डॉ. आरपीएस बघेल मौजूद रहे। अतिथियों ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और शो के बाद उन्हें ट्रॉफीज भी दीं। इस मौके पर कर्नल प्रताप भानु जबलपुर, कर्नल रनवीर सिंह दुर्ग, ले. कर्नल संजय जाधव महू और ले. कर्नल प्रवीण रीवा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हॉर्स शो के मेन इवेंट्स
फ्लैग होस्टिंग - सबसे पहले सी. अंडर ऑफीसर स्वप्निल मरावी ने घोड़े निशान के साथ अतिथियों को सैल्यूट किया। इसके बाद अंडर ऑफीसर हर्ष हॉर्स जैमिनी पर नेशनल फ्लैग, कैडेट तनीषा हॉर्स टोपाज पर एनसीसी फ्लैग और सी. अंडर ऑफीसर तामेन्द्र ने हॉर्स फरिश्ता पर आरएंडवी फ्लैग लेकर राइडिंग की।

टेंट पेगिंग- अंडर ऑफीसर विकास भारद्वाज, सी. अंडर ऑफीसर पंकज, कैडेट तरुण साहू और सार्जेंट अभिषेक ने क्रमश: टोपाज, फ्लैम, निशान और फरिश्ता पर सवार होकर भाले की मदद से पैग को अलग कर दिया।

शो जम्पिंग - अंडर ऑफीसर जागृति, सी. अंडर ऑफी. युवराज, सी. अंडर ऑफी. श्रष्टि वर्मा, कैटेड तरुण, अंडर ऑफी. अनीता, कॉर्पोरल भूमिका, अंडर ऑफी. अनामिका, सी. अंडर आफी. पंकज और अंडर आफी. गंगोत्री समेत अन्य कैडेट्स ने वॉल, पैरलल वॉल, फैन, कॉम्बीनेशन जैसे जम्प क्रॉस किए।

सिक्स बार - पहली बार हॉर्स शो में सिक्स बार इवेंट हुआ, जिसमें एक के बाद एक 6 हर्डल्स राइडर्स ने क्रॉस किए। इस इवेंट में 6 राइडर्स ने हिस्सा लिया।

फायर जम्प - यह सबसे रोमांचित कर देने वाला मूमेंट था, जिसमें आग के गोले के बीच से एक बाद एक 5 राइडर्स निकले। दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

इन कैडेट्स का हुआ सिलेक्शन
वेटरन्स कैटेगरी
- सी. अंडर ऑफीसर सुषमा सिंह, दुर्ग, रायपुर ग्रुप
- सी. अंडर ऑफीसर सृष्टि वर्मा, महू, इंदौर ग्रुप
- सी. अंडर ऑफीसर स्वप्निल मरावी, जबलपुर ग्रुप
- सी. अंडर ऑफीसर प्रदीप, दुर्ग, रायपुर ग्रुप
- अंडर ऑफीसर शिव सागर, महू, इंदौर ग्रुप

नोविस कैटेगरी
- अंडर ऑफीसर अनामिका सिंह, महू, इंदौर ग्रुप
- अंडर ऑफीसर अनीता भटनागर, महू, इंदौर ग्रुप
- अंडर ऑफीसर हर्ष यादव, जबलपुर ग्रुप
- सार्जेंट दिव्यदर्शन, महू, इंदौर ग्रुप
- सार्जेंट उमेश्वर, दुर्ग, रायपुर ग्रुप

Created On :   24 Dec 2018 9:59 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story