चार करोड़ की 20 एकड़ कोटवारी भूमि को कराया गया मुक्त 

20 acres of Kotwari land of four crores freed
चार करोड़ की 20 एकड़ कोटवारी भूमि को कराया गया मुक्त 
चार करोड़ की 20 एकड़ कोटवारी भूमि को कराया गया मुक्त 

डिजिटल डेस्क जबलपुर । माफिया दमन दल का बुल्डोजर रविवार को छुट्टी के दिन भी निकला और रांझी तहसील के पिपरिया क्षेत्र पहुँचकर बड़ी कार्रवाई की। दल ने अवैध कब्जा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी साढ़े 20 एकड़ भूमि में चना और गेहूँ की फसल पर जेसीबी चलाई। 4 करोड़ रुपये की इस जमीन को कब्जा मुक्त कराने के बाद इसमें शासन के आधिपत्य वाला बोर्ड लगाया गया।   रांझी एसडीएम मनीषा वास्कले व  तहसीलदार राजेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने दोपहर को कार्रवाई शुरू की। दल ने पिपरिया के  खसरा नंबर 252/1 और 252/2 की मध्य प्रदेश शासन एवं कोटवार के नाम दर्ज इस भूमि पर कार्रवाई की। टीम जब मौके पर पहुँची तो पता चला कि प्रेम सिंह यादव द्वारा इस जमीन पर चना एवं गेहूँ की फसल लगाई गई है जिसे जेसीबी मशीन से नष्ट कर दिया गया। तहसीलदार रांझी ने बताया कि अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई इस भूमि पर मध्य प्रदेश शासन के साथ ग्राम कोटवार किशोर सिंह वल्द मंगल सिंह का नाम दर्ज था।  कोटवार किशोर सिंह की करीब 30 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी  तभी से उसके भतीजे विसराम का इस भूमि पर कब्जा था।  
जमीन पर बदलता रहा कब्जा
ग्रामवासियों के अनुसार किशोर सिंह की मृत्यु के बाद विसराम सिंह ग्राम कोटवार का कार्य देखा करता था। हालाँकि इस बारे में विसराम सिंह को शासन से कोई आदेश या जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। विसराम सिंह की भी करीब छह माह पूर्व मृत्यु हो गई।  विसराम की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी रामकली द्वारा अवैध रूप से इस भूमि को प्रेम सिंह यादव को ठेके पर दे दिया गया।  भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई से पहले विसराम सिंह की पत्नी को नोटिस भी दिया गया, लेकिन रामकली द्वारा अपने पति के कोटवार होने का कोई प्रमाण नहीं दिया जा सका। राजस्व अभिलेखों में भी इस भूमि पर विसराम सिंह का नाम दर्ज नहीं पाया गया। पिपरिया ग्रामवासियों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में मौके पर अवैधानिक रूप से ठेके पर दी गई इस भूमि के चारों ओर की गई फेंसिंग एवं बाउण्ड्री को तथा प्रेम सिंह यादव द्वारा लगाई गई चने और गेहूँ की फसल को जेसीबी की सहायता से उखाड़ दिया गया तथा यहाँ मध्य प्रदेश शासन के नाम का बोर्ड लगा दिया गया। 
 

Created On :   6 Jan 2020 2:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story