सिर पर पत्थर पटक कर की युवक की हत्या, आरोपियों का नहीं लगा सुराग

A 40 year old man got murdered with stones by unknown accuseds
सिर पर पत्थर पटक कर की युवक की हत्या, आरोपियों का नहीं लगा सुराग
सिर पर पत्थर पटक कर की युवक की हत्या, आरोपियों का नहीं लगा सुराग

डिजिटल डेस्क, कटनी। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के गाताखेड़ा में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रेमसिंह पिता सरदार सिंह (40) निवासी छपरी के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रथमदृष्टया मामला हत्या का माना है। प्रेमसिंह के सिर में पत्थर पटककर और गमछा से गला घोंटकर हत्या की गई है। वह एक दिन पहले रक्षाबंधन पर दिउठा बहन के घर शोक प्रकट करने परिजनों सहित गया था। वहां से शाम चार बजे यह कहकर निकला था कि समीप के ही गांव शांतिनगर मामा के यहां जा रहा है। सोमवार सुबह लोगों ने युवक की खून से सनी लाश छपरी में पड़ी देखी थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्लीमनाबाद एसडीओपी विजयबहादुर सिंह, स्लीमनाबाद टीआई राजेश दुबे पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा।

पुलिस के लिए चुनौती बना अंधा कत्ल
स्लीमनाबाद अनुविभाग में एक सप्ताह के भीतर हत्या की दूसरी वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। यह अंधा कत्ल भी पुलिस के लिए चुनौती बना है। स्लीमनाबाद टीआई राजेश दुबे के अनुसार मृतक प्रेम सिंह आदिवासी रिछाई जबलपुर में रहकर टाईल्स लगाने का काम करता था। वह कभी-कभी ही गांव छपरी आता था। कुछ समय पहले उसके बहनोई पुरुषोत्तम सिंह की मृत्यु हो गई थी। रक्षाबंधन पर वह मां, पत्नी एवं बच्चों के साथ शोक प्रकट करने बहन के घर गया था।

आखिरी शाम 4 बजे देखा गया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम सिंह दिउठा में आखिरी बार शाम चार बजे देखा गया था। बहन के घर से मामा के यहां शांतिनगर जाने कहकर निकला था, लेकिन मामा के यहां कोई नहीं मिला। इस बीच वहां कहां किसके साथ रहा, यही पुलिस के लिए जांच का विषय है। मां, पत्नी, बच्चे उसकी बहन के घर पर ही थे। रात में उसके वापस नहीं लौटने पर यही अनुमान लगाते रहे शायद मामा के घर पर ठहर गया होगा। सुबह जब लाश मिलने की जानकारी मिली तो परिजन अवाक रह गए।

इनका कहना है
गाताखेड़ा में मिली लाश की शिनाख्त प्रेम सिंह के रुप में हुई है। प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। इसलिए धारा 302 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। मृतक के सिर में चोट के निशान हैं और संभवत: किसी ने पत्थर मार कर हत्या की है। गमछा से गला घोंटे जाने की भी संभावना है।
विजय बहादुर सिंह, एसडीओपी स्लीमनाबाद

 

Created On :   27 Aug 2018 5:09 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story