- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- समझौते के लिए दुराचार पीडि़ता व...
समझौते के लिए दुराचार पीडि़ता व गवाह को धमकी- पीडि़ता ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

डिजिटल डेस्क जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली दुराचार पीडि़त एक महिला ने शिकायत देकर बताया कि उसके द्वारा जनवरी 2019 में दुराचार की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उक्त मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उक्त मामले में आरोपी एक होटल व्यवसायी समझौते के लिए दबाव बना रहा है। वह उसे व गवाह को धमका रहा है कि अगर समझौता नहीं किया, तो झूठे मामले में फँसाकर जेल भिजवा देंगे।
पीडि़ता द्वारा की गई शिकायत में बताया गया कि आरोपी ताकतवर व धनाड्य व्यक्ति है और अपनी पहुँच ऊपर तक होना बताते हुए कई प्रकार से जान से मारने की धमकी देता है। 24 फरवरी की रात 8 बजे आरोपी ने किसी अज्ञात व्यक्ति को उसके घर भेजा था। उक्त व्यक्ति ने खुद को पुलिसवाला बताते हुए कहा कि पीड़ता कई पेशी पर नहीं पहुँची है और उसका गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया है। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी से समझौता कर ले, नहीं तो पूरी उम्र जेल में काटनी पड़ेगी। इसी तरह की धमकी मामले के एक गवाह को भी दी जा रही है। पीडि़ता ने सुरक्षा की गुहार लगाई है। पी-5
-खुलेआम घूम रहा आरोपी
इसी तरह एक दुराचार पीडि़ता ने एसपी से शिकायत कर बताया कि उसके साथ दुराचार करने वाले आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है और वह खुलेआम घूम रहा है। पीडि़ता द्वारा बताया गया कि उसने 10 फरवरी को महिला थाने में दुराचार की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसकी रिपोर्ट पर आरोपी विवेक दुबे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।
Created On :   3 March 2020 3:23 PM IST