अश्लील तस्वीरों के जरिए नाबालिग और उसकी मां को ब्लैकमेल करनेवाला जबलपुर से गिरफ्तार

Blackmailing through obscene pictures accused arrested from Jabalpur
अश्लील तस्वीरों के जरिए नाबालिग और उसकी मां को ब्लैकमेल करनेवाला जबलपुर से गिरफ्तार
अश्लील तस्वीरों के जरिए नाबालिग और उसकी मां को ब्लैकमेल करनेवाला जबलपुर से गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद अश्लील तस्वीरों के सहारे एक 16 साल की नाबालिग और उसकी मां को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया गया है। 25 वर्षीय आरोपी का नाम चैतन्य सागर सोनी है। वह पेशे से वकील है। आरोपी ने फर्जी नाम से सोशल मीडिया अकाउंट बनाया था और खुद के पाकिस्तानी होने का दावा किया था लेकिन गूगल कंपनी से मिली मदद के सहारे मुंबई पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

जबलपुर के अलोकनगर के रहने वाले सोनी ने उमर सुल्तान के नाम से इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया था। नवंबर 2018 में उसकी मुंबई में रहने वाली 16 साल की नाबालिग से दोस्ती हुई थी। सोनी ने अपने अकाउंट पर किसी मॉडल की आकर्षक तस्वीर डाल रखी थी। लड़की से नजदीकी बढ़ाने के बाद सोनी ने उसका मोबाइल नंबर हासिल किया फिर उसने बहलाफुसला कर लड़की की निजी तस्वीरें हासिल कर ली। इसके बाद उसने लड़की को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परेशान लड़की ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी तो आरोपी ने उसे भी फोन कर आपत्तिजनक बातें करने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी संपर्क के लिए खास मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर रहा था जिससे सामने वाले को अलग-अलग नंबर दिखाई देते थे जो फर्जी होते थे। उसका लोकेशन भी पाकिस्तान स्थित कराची दिखा रहा था।

सोनी लड़की को उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर लगातार संपर्क में रहने के लिए मजबूर कर रहा था। इसके बाद दिसंबर महीने में लड़की की मां ने साकीनाका पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस भी आरोपी का आईपी एड्रेस नहीं निकाल पा रही थी जिसके बाद गूगल कंपनी से संपर्क किया गया। गूगल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को करीब तीन महीने बाद दबोच लिया। सीनियर इंस्पेक्टर किशोर सावंत ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि आरोपी ने क्या दूसरी लड़कियों को भी इस तरह ब्लैकमेल किया है। 

 

Created On :   4 April 2019 3:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story