- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- गर्भ में शिशु की मौत : वकील के...
गर्भ में शिशु की मौत : वकील के खिलाफ मामला दर्ज, वहम के कारण पत्नी की करता था पिटाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोलाबा पुलिस ने गर्भवती पत्नी से मारपीट और पेट में पल रहे बच्चे की मौत के मामले में एक 30 वर्षीय वकील को गिरफ्तार किया है। दरअसल आरोपी वकील को वहम है कि पैदा होने वाला बच्चा उसे नुकसान पहुंचाएगा। इसीलिए वह बार बार अपनी पत्नी को बच्चा गिराने के लिए दबाव डाल रहा था।
आरोपी की पत्नी भी वकील है और दोनों मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं, लेकिन प्रेम विवाह के बाद दोनों मुंबई में बस गए। अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसका पति दावा करता है कि उसके सपने में एक आत्मा आती है जो बताती है कि होने वाला बच्चा उसे बर्बाद कर देगा।
उसका यह भी दावा है कि वह आत्माओं से बात कर सकता है और आत्माएं उसे हमेशा सही जानकारी देती हैं। महिला के मुताबिक पति ने बच्चा गिराने के लिए उसे तलवार की नोक पर भी धमकाया। महिला ने बच्चा गिराने से इनकार किया तो एक दिन आरोपी ने महिला के पेट पर लकड़ी से वार किया। इसके बाद महिला दिल्ली स्थित अपने अभिभावकों के घर चली गई, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि आंतरिक रक्तस्राव के चलते बच्चे की मौत हो गई है।
इसके बाद महिला ने कोलाबा पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 315, 324, 504, 506 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की छानबीन जारी है।
Created On :   4 July 2018 6:52 PM IST