बारिश को लेकर शहर रेड अलर्ट पर, 32 घंटे में 3.4 इंच बारिश

बारिश को लेकर शहर रेड अलर्ट पर, 32 घंटे में 3.4 इंच बारिश



डिजिटल डेस्क जबलपुर। सावन आरंभ होने के ठीक एक दिन पहले मानसूनी रिमझिम फुहार भरी बारिश ने पूरे शहर को तर कर दिया। शहर में बीते 32 घंटों के दौरान रुक-रुककर हो रही बारिश में 86.4 मिली मीटर यानी करीब 3.4 इंच बारिश दर्ज हुई। शहर में अब तक कुल मिलाकर इस सीजन में 13.37 इंच बारिश हो चुकी है। मध्य प्रदेश के ऊपर अभी लो प्रेशर बना हुआ है जिससे जबलपुर सहित संभाग के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक ट्रफ लाइन है जो मध्य प्रदेश से उत्तरी गुजरात की सीमा तक है। बंगाल की खाड़ी में स्ट्रांग सिस्टम के साथ मानसून सक्रिय है। मौसम वैज्ञानिक बीजू जान जैकब के अनुसार इन हालातों में आने वाले 24 घंटों में अनेक जिलों में भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है।
तापमान अब सामान्य से नीचे -
इधर रिमझिम बारिश ने तापमान को सामान्य से नीचे ला दिया है। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री से. दर्ज िकया गया जो सामान्य से 4 डिग्री नीचे रहा। न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज िकया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। दोनों ही तापमान के नीचे जाने से माहौल में ठण्डक से घुल गई है।
इसलिए है भारी चेतावनी -
-झारखण्ड, छग के ऊपर एक सिस्टम है जो मप्र की ओर बढ़ रहा है।
-एक ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश, उत्तरी गुजरात तक गुजर रही है।
-पूरे मध्य प्रदेश के ऊपर एक लो प्रेशर है जिससे ज्यादातर शहर में बरसात हो रही।
-बंगाल की खाड़ी में एक स्ट्रांग सिस्टम है। आगे 28 से यह नया सिस्टम बनने वाला है।
-जबलपुर के अलावा अभी डिण्डौरी, नरसिंहपुर, उमरिया, दमोह में भारी बारिश की चेतावनी।
फसलों को मिला अमृत -
जिन किसानों ने धान की फसल में रोपा लगाया और पानी की कमी थी उनके लिए यह बारिश एकदम अमृत साबित हुई है। इसी तरह मक्का की फसल जो अभी तक कई हिस्सों में सूखने की स्थितियों में थी उसको अभी गिरे पानी ने नया जीवन दिया। कुल मिलाकर खरीफ फसलों के लिए यह बारिश बेहद आवश्यक थी।
414 मीटर पर पहुँच गया बरगी बाँध -
बरगी बाँध के जल भराव एरिया में हो रही बारिश का असर अब पानी आने की रफ्तार पर पड़ा है। जल भराव एरिया के मवई इलाके में अच्छी बारिश हुई। इसी तरह मण्डला, डिण्डौरी एरिया में बारिश हुई जिससे बाँध का जलस्तर अब तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार की शाम तक जलस्तर 414 मीटर पर पहुँच गया है। हर 24 घंटे में 10 से 15 सेण्टीमीटर की इसमें बढ़ोत्तरी हो रही है।

Created On :   24 July 2021 4:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story