- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अग्नि हादसा: देखते-देखते खाक हो गई...
अग्नि हादसा: देखते-देखते खाक हो गई सात घरों की गृहस्थी
डिजिटल डेस्क जबलपुर। शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर कुंडम के सदाफल गाँव में अल सुबह एक अग्नि हादसे में सात घरों की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ाँ पहुँचीं और आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। करीब ढाई लाख के नुकसान का आकलन किया गया है।
जानकारी के अनुसार सदाफल में रहने वाली खुड्डी बाई, भागवती बाई, सुनीता, धन्नी, मोनू, संतोष, राजकुमार और अन्नू के घरों में आग लगी। इनमें से एक परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। एक घर में आग से उठते धुएँ को देखकर गाँव वालों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। कच्चे और छप्पर के मकान होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। उसके आगे ग्रामीण असहाय थे। कुछ ही देर में पुलिस के साथ दमकल की टीम वहाँ पहुँची। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी रांझी और एक बरेला से आई। करीब 3 घंटे की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया गया।
खाने का सामान भी नहीं बचा
जानकारी के अनुसार आग इतनी भीषण थी िक पूरे गाँव में दहशत फैल गई। धीरे-धीरे सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि किसी ने भी अंदर जाने की हिम्मत नहीं की। हादसे में घर के सभी दरवाजे, खिड़कियाँ, कपड़े, गृहस्थी के सामान के अलावा राशन भी जलकर खाक हो गया।
कहीं साजिश तो नहीं
प्रारंिभक जाँच में घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना बताया जा रहा है, लेकिन पीडि़त परिजनों को साजिश की भी आशंका है। पुलिस इस मामले में हर पहलू पर जाँच कर रही है।
भूकंप कॉलोनी में भी हादसा
फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार शहर की भूकंप कॉलोनी में स्थित एलआई के एक मकान में भी आग लग गई। यह हादसा आकाश शर्मा के घर पर हुआ, जिसमें गृहस्थी का सामान जल गया। इस हादसे में करीब 50 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान है।
लकड़ी का सामान खाक
जानकारी के अनुसार गत दिवस सोनम प्लाइवुड सेंटर में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। लकड़ी के टाल में आग लगने से करीब 18 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हादसा उस समय हुआ जब टाल बंद हो चुका था। कर्मचारी ने फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी, लेकिन उनके पहुँचने से पहले की काफी नुकसान हो चुका था।
Created On :   22 Jan 2022 9:44 PM IST