- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- झगड़े के बाद पत्नी को जलाकर फंदे पर...
झगड़े के बाद पत्नी को जलाकर फंदे पर झूला पति

डिजिटल डेस्क जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती निवासी एक दम्पति में घरेलू विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि झगड़े के बाद पति व सास ने मिलकर बहू को जिंदा जलाने का प्रयास किया और फिर पति फाँसी लगाकर फंदे पर झूल गया। आग से जल रही महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद को दौड़े और महिला की आग बुझाई। इस बीच फंदे पर झूल रहे पति को नीचे उतारा गया और दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार माढ़ोताल नई बस्ती निवासी नंदू अहिरवार उम्र 30 वर्ष का उसकी पत्नी पूजा से विवाद होने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची। वहाँ आसपास रहने वालों ने बताया कि रात करीब दस बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। कुछ देर बाद महिला पूजा की चीख सुनकर आस पड़ोस के लोग बीच-बचाव के लिए पहुँचे तो देखा कि पूजा आग की लपटों से घिरी थी। लोगों ने आग बुझाई और देखा कि उसका पति नंदू फंदे पर लटका हुआ है। लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतारा, उसकी साँसेंड्ड चलती देख तत्काल दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार आग से जली महिला व उसके पति की हालत गंभीर बनी हुई है।
केरोसिन डालकर आग लगाई
उधर गंभीर रूप से झुलसी पूजा अहिरवार उम्र 25 वर्ष के मरणासन्न कथन लिए गये, जिसमें उसने बताया कि शादी के बाद से पति मकान बनाने के लिए मायके से 2 लाख रुपए लाने की माँग कर मारपीट करता था। सुबह भी पति ने विवाद किया और 3 वर्षीय बेटे को मार रहा था। उसने मना किया तो पति ने उसके साथ डंडे से मारपीट की। इस बीच सास आ गयी और उसने कहा कि इसका रोज का यही नाटक है इसे जान से मार दो, इसके बाद पति और सास ने मिलकर उस पर केरोसिन उड़ेला और आग लगा दी। महिला के बयान के आधार पर धारा 307, 498ए, 34 भादंवि 3, 4 दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जाँच में लिया गया है।
Created On :   16 Feb 2020 6:15 PM IST