- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सिहोरा के जंगल में मृत मिला तेंदुआ,...
सिहोरा के जंगल में मृत मिला तेंदुआ, जाँच में जुटा वन अमला
डिजिटल डेस्क जबलपुर। सिहोरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इंद्राना बीट में एक पूर्ण वयस्क तेंदुए की मौत होने से हड़कम्प मचा रहा। तेंदुए के मृत पड़े होने की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुँचा और जाँच पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जाँच में तेंदुए की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। तेंदुए की मौत शिकारियों द्वारा किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है और वन विभाग द्वारा जाँच करते हुए दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी सिहोरा जेडी पटैल ने बताया कि उन्हें सोमवार की रात सूचना मिली थी कि इंद्राना बीट क्षेत्र में एक तेंदुआ मृत पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर वन अमला हरकत में आया और तत्काल अधिकारियों की टीम मौके पर पहुँची और जाँच पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जाँच में तेंदुए के शरीर में किसी प्रकार के निशान नहीं मिले हैं। वन अमले द्वारा घटनास्थल के आसपास की बारीकी से जाँच कर साक्ष्य एकत्र किए गये हैं। मंगलवार को वन विभाग द्वारा तेंदुए का शव वेटरनरी लाया गया, यहाँ पीएम के बाद डुमना में उसका दाह संस्कार किया गया।
शिकार का संदेह
जाँच में जुटे अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की मौत के सही कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक जाँच में शिकार की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। जाँच में दो ग्रामीणों का आचरण संदिग्ध नजर आने पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दो दिन पहले हुई मौत
मृत तेंदुए का पीएम करने वाले चिकित्सक के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना लग रहा है। तेंदुए के शरीर में चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं और उसकी मौत कैसे हुई है इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
भूख से मौत की भी आशंका
जानकारों के अनुसार तेंदुए की उम्र करीब 12 वर्ष थी और उम्रदराज होने से शिकार नहीं कर पाने के कारण भूख-प्यास से उसकी मौत होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
Created On :   15 Feb 2022 10:31 PM IST