- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- चित्रकूट में मंदाकिनी उफान पर :...
चित्रकूट में मंदाकिनी उफान पर : डूब गए घाट, दुकानों में घुसा बाढ़ का पानी

डिजिटल डेस्क सतना। लगातार तेज बारिश के कारण बुधवार को चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर है। बाढ़ का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने के कारण रामघाट, भरतघाट और राघवप्रयाग घाट डूब गए हैं। घाट किनारे बनी पूजन सामग्री की दुकानों में भी 2 से 3 फिट पानी भर गया है। कलेक्टर डा.सतेन्द्र सिंह और एसपी रियाज इकबाल ने बुधवार को चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी है। नदी तट से लगी निचली बस्तियों को खाली करा लिया गया है। गोताखोरों के साथ पुलिस बल और बचाव दल को हर वक्त अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है।
2 घंटे ठप रहा स्टेट हाइवे
निरंतर बरसात के कारण बुधवार को सतना-चित्रकूट स्टेट हाइवे 2 घंटे के लिए पूरी तरह से ठप हो गया। बताया गया है कि सुबह 10 बजे के करीब गुप्तगोदावरी मोड़ पर एक पुलिया के धसकने से उसी में बस और कार फंस गई।
मझगवां में 24 घंटे में 2 इंच बरसात
इसी बीच मौसम महकमे के मुताबिक जिले के मझगवां तहसील इलाके में विगत 24 घंटे के दौरान तकरीबन 2 इंच मूसलाधार बारिश होने से मंदाकिनी नदी में उफान आया है। बताया गया है कि इसी बीच बिरसिंहपुर तहसील क्षेत्र में महज 13 एमएम बरसात हुई।
अब तक कहां कितनी बारिश :--
रघुराजनगर : 1164.2 मिमी
मझगवां : 727 मिमी
बिरसिंहपुर : 630 मिमी
रामपुर बघेलान : 1045 मिमी
नागौद : 807.7 मिमी
उचेहरा: 1203 मिमी
मैहर : 723 मिमी
अमरपाटन : 1199 मिमी
रामनगर : 1367 मिमी
फैक्ट फाइल
जिले की औसत सामान्य वर्षा : 1039.7 मिमी
जिले में अब तक औसत वर्षा : 985.1 मिमी
(1 जून से 2 अक्टूबर तक)
Created On :   3 Oct 2019 8:11 AM GMT