- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- दुराचार पीडि़ता किशोरी ने फाँसी...
दुराचार पीडि़ता किशोरी ने फाँसी लगाई -अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी द्वारा फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। इस मामले की जाँच के दौरान चिकित्सकीय परीक्षण में किशोरी के साथ दुराचार होने की जानकारी लगी थी। संभवता दुराचार के बाद बदनामी के डर से किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाया है। जाँच उपरांत पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रकरण को विवेचना मेंं लिया है।
सूत्रों के अनुसार विगत 5 दिसम्बर को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सुबह मजदूरी करने चला गया था और उसके दोनों बच्चे स्कूल गए थे, पत्नी मायके गई थी एवं घर पर बड़ी बेटी अकेली थी। दोपहर साढ़े 12 बजे उसे सूचना मिली थी कि उसकी बड़ी बेटी ने फाँसी लगा ली है। सूचना पाकर वह तत्काल घर पहुँचा तो देखा कि उसकी बेटी बेसुध पड़ी हुई थी। उसकी हालत देख तत्काल उसे इलाज के लिए मेडिकल ले जाया गया जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मर्ग कायम कर प्रकरण को जाँच में लिया गया था। जाँच के दौरान तैयार की गई वेजाईनल स्लाईड को परीक्षण हेतु एफएसएल भिजवाया गया, एफएसएल से प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट में मृतिका के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृत्यु पूर्व दुराचार किए जाने का पता चला था। इसी घटना के कारण किशोरी द्वारा आत्महत्या करना पाया जाने पर अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध धारा 376, 305 भादंवि एवं 3, 4 पॉक्सो एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
Created On :   3 March 2020 3:14 PM IST