नायलॉन मांजा की कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति

Only food supply in the name of action of nylon manja
नायलॉन मांजा की कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति
नागपुर नायलॉन मांजा की कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उच्च न्यायालय से कड़ी फटकार के चलते महानगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने नायलॉन मांजा को लेकर अभियान छेड़ा है। 31 जनवरी तक शहर में अवैध रूप से नायलॉन मांजा रखने, इस्तेमाल करने को लेकर कार्रवाई का दावा भी हो रहा है, लेकिन वास्तविकता में दोनों विभागों से कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। दूसरी ओर शहर में नायलॉन मांजा का धड़ल्ले से अब भी इस्तेमाल हो रहा है। 

ऑनलाइन हो रही बिक्री

मनपा के उपद्रव शोध पथक के मुताबिक शहर में मनपा के मुताबिक 1 जनवरी से अब तक केवल दो चक्री नायलॉन मांजा और 100 प्लास्टिक पतंग दल के हाथ लगी है। 14 जनवरी को नायलॉन मांजा को लेकर गिट्‌टीखदान पुलिस स्टेशन में दो मामले दर्ज हुए हैं, लेकिन पुलिस के अपराध शाखा विभाग का दावा है कि 1 जनवरी से 16 जनवरी तक शहर में 113 अपराध दर्ज कर 35 लाख 40 हजार रुपए की सामग्री जब्त की गई है। हैरानी यह है कि दोनों विभागों के संयुक्त जांच दल के माध्यम से शहर में नायलॉन मांजा और पतंगों को लेकर अभियान चल रहा है, लेकिन दोनों विभागों के बीच समन्वय का अभाव बना हुआ है। जांच दल के सदस्यों का तर्क है कि ऑनलाइन बिक्री के चलते जांच दल के हाथ कोई भी लग नहीं पा रहा है। 

मैदानों और रास्तों पर भी मांजा

शहर में लकड़गंज, नेहरू नगर, पारडी, मानेवाड़ा, धंतोली, कांग्रेस नगर, अजनी और मेडिकल चौक परिसर में नायलॉन मांजा से पतंगें उड़ रही हैं, लेकिन मनपा और पुलिस के जांच दल को दिखाई नहीं पड़ रहा है। पतंग का खतरनाक मांजा रास्तों और मैदानों में जमा हो रहा है, जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। पेड़ों में उलझे मांजे से पक्षी घायल हो रहे हैं।

13 सदस्यों का संयुक्त जांच

वीरसेन तांबे, प्रमुख, उपद्रव शोध पथक, मनपा के मुताबिक शहर में नायालॉन मांजा और प्लास्टिक पतंग के विरोध में 13 सदस्यों का जांच दल कार्रवाई कर रहा है। इस दल में उपद्रव शोध पथक के 6 जवान और पुलिस के अपराध शाखा और साइबर क्राइम विभाग के 7 सदस्यों का समावेश है। शहर में 2 चक्री नायलॉन मांजा को लेकर गिट्‌टीखदान पुलिस स्टेशन में अपराध दर्ज कराया गया है। 100 से अधिक जब्त पतंगें और मांजा नेहरू नगर जोन कार्यालय में रखा गया है।

113 मामले अब तक दर्ज

रोशन पंडित, उपायुक्त, अपराध शाखा पथक, शहर पुलिस के मुताबिक नायालॉन मांजा और प्लास्टिक पतंग के विरोध में जांच दल कार्रवाई कर रहा है। 1 से 16 जनवरी तक 113 मामलों को दर्ज कर 35 लाख 40 हजार रुपए की पतंग और मांजा जब्त किया गया है। आगे की कार्रवाई के बारे में मनपा को जानकारी है।

 

Created On :   27 Jan 2023 1:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story