पन्ना टाइगर रिजर्व की सबसे सुंदर बाघिन टी-6 ने दिया चार शावकों को जन्म - तीन माह में 13 शावक

Panna Tiger Reserves most beautiful tigress T6 gave birth to four cubs - 13 cubs in three months
पन्ना टाइगर रिजर्व की सबसे सुंदर बाघिन टी-6 ने दिया चार शावकों को जन्म - तीन माह में 13 शावक
पन्ना टाइगर रिजर्व की सबसे सुंदर बाघिन टी-6 ने दिया चार शावकों को जन्म - तीन माह में 13 शावक

डिजिटल डेस्क पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व से फिर खुशखबरी मिली है। यहां बाघिन टी-6 ने अपने छठवें लिटर में 4 शावकों को जन्म दिया है। चारों शावक अपनी मां के साथ जंगल में चहल कदमी करते हुए देखे गये हैं। क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व उत्तम कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शावकों के साथ बाघिन टी-6 की पहली फोटो शुक्रवार 26 मार्च को प्राप्त हुई है। शावकों की उम्र लगभग 2 से 3 माह की है, जो पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
 उल्लेखनीय है कि बाघ पुनस्र्थापना योजना के द्वितीय चरण में पेंच टाइगर रिजर्व की बाघिन टी-6 को 22 जनवरी 2014 में पन्ना लाया गया था। लाइट कलर वाली इस बाघिन को पन्ना टाइगर रिजर्व में सबसे सुंदर बाघिन का रुतबा हासिल है। लगभग 10 वर्ष की हो चुकी इस खूबसूरत बाघिन ने पन्ना टाइगर रिजर्व में आकर यहां बाघों की वंश वृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस बाघिन ने यहां अब तक 17 बाघ शावकों को जन्म दिया है। वर्ष 2014 में जब टी-6 को पन्ना लाया गया था तो उसे बाघों के लिए सबसे ज्यादा अनुकूल व प्रिय इलाके बलैया सेहा में छोड़ा गया था। लेकिन बाद में इस बाघिन ने पन्ना टाइगर रिजर्व के प्राकृतिक रूप से सबसे सुंदर क्षेत्र गहरीघाट रेंज को अपना ठिकाना बना लिया। मौजूदा समय बिना कॉलर वाली यह बाघिन इसी सुरक्षित वन क्षेत्र में अपने शावकों के साथ विचरण कर रही है। 
तीन माह में हुआ 13 शावकों का जन्म 
क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व उत्तम कुमार शर्मा ने चार नन्हे शावकों के जन्म पर खुशी का इजहार करते हुए बताया कि बीते 3 माह में यहां पर 13 शावकों का जन्म हुआ है जो निश्चित ही पन्ना टाइगर रिजर्व के लिए गर्व और खुशी की बात है। आपने कहा कि आने वाले दिनों में यहां अन्य दूसरी बाघिन भी शावकों को जन्म देने वाली हैं। श्री शर्मा ने बताया कि इन चार शावकों के जन्म से पन्ना में बाघों का कुनबा 70 के पार जा पहुंचा है। मौजूदा समय पन्ना टाइगर रिजर्व में वयस्क और शावकों सहित 75 के लगभग बाघ हैं। नन्हे शावकों के जन्म से पन्ना टाइगर रिजर्व में खुशी का माहौल है।
 

Created On :   27 March 2021 1:53 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story