- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सूर्य ग्रहण-सड़कों पर सन्नाटा,...
सूर्य ग्रहण-सड़कों पर सन्नाटा, मंदिरों के पट बंद
डिजिटल डेस्क जबलपुर। वर्ष के आखिरी सूर्यग्रहण पर मंगलवार को शहर में भी वैदिक और परम्परागत तरीके से नियमों का पालन किया गया। इसकी बानगी यह रही कि ग्रहण का सूतक लगते ही सड़कों पर सन्नाटा जैसा छा गया। परमा पर होने वाले कार्यक्रम स्थगित रहे। मठ-मंदिरों के पट बंद कर दिए गए। केवल ध्यान और जाप का क्रम चला। कम लोग ही घरों से बाहर निकले। शहर के अधिकांश हिस्सों में दिन में सूनापन साफ नजर आया। हालाँकि सूतक हटने के बाद आस्थावान लोग निकले। स्नान-ध्यान किया, पट खुले और जनजीवन फिर अपनी रफ्तार से चल पड़ा। नर्मदा तट और मंदिरों में शाम को खासी भीड़ रही। लोगों ने अपने इष्ट के पूजन के साथ सभी के मंगल की कामना की।
सूर्य ग्रहण का सूतक काल सुबह से ही शुरू हो चुका था जबकि दोपहर 2:28 से लेकर 6:30 बजे तक का शास्त्रों में समय बताया गया था। हालाँकि ग्रहण का स्पर्श दोपहर 4:43 पर एवं मुख शाम 6:41 तक रहा।
ग्रहण लगते ही-
- ग्रहण की शुरुआत होने के साथ ही श्रद्धालुओं ने घर में जप-तप शुरू कर दिया।
- सड़कें सून सपाट हो गईं। इक्का-दुक्का वाहन चालक ही नजर आए।
- सदर, मालवीय चौक, मेडिकल, फुहारा, जैसे बड़े व्यावसायिक क्षेत्रों में भी आवाजाही थम गई।
- सभी मंदिरों के पट बंद हो गए। संत-महात्माओं ने भगवान के नाम का जप किया।
ग्रहण के बाद-
- ग्रहण हटते ही सबसे पहले श्रद्धालुओं ने स्नान किया। पूजन के बाद सब कुछ सामान्य हुआ।
- नर्मदा तटों पर भक्तों की भीड़ रही। स्नान-ध्यान का सिलसिला देर तक चलता रहा।
- मंदिरों के पट खोले गए, साफ-सफाई के बाद भगवान का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
- देवालयों और नर्मदा तटों पर भजन-कीर्तन मंडलियाँ देर तक प्रभु का गुणगान करती रहीं।
8 नवंबर को चंद्रग्रहण
कार्तिक पूर्णिमा पर 8 नवंबर को चंद्रग्रहण रहेगा। यह ग्रहण भी देश के अधिकांश हिस्सों में दिखाई देगा। इस तरह से देखा जाए तो एक पखवाड़े के भीतर ही यह दूसरा ग्रहण होगा। जानकारों का कहना है कि स्पर्श के समय स्नान, पूजन करना चाहिए। अंत में स्नान फिर दान का विशेष महत्व होता है।
एक नजर में
ग्रस्तोदित खग्रास चंद्रग्रहण : 8 नवंबर
ग्रहण स्पर्श- दोपहर 2.39 बजे से
मध्य- शाम 4.33 बजे।
मोक्ष समाप्ति-6.23 बजे।
पर्वकाल- 3.39 घंटे।
सूतक- 8 नवंबर को सुबह 5.30 बजे से
Created On :   25 Oct 2022 10:36 PM IST