- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- भेड़ाघाट के पास चलती ट्रेन से कूदकर...
भेड़ाघाट के पास चलती ट्रेन से कूदकर भागा आरोपी

डिजिटल डेस्क जबलपुर। महाराष्ट्र के थाना मंजार पुणे में दर्ज आपराधिक मामले के फरार आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने पतासाजी कर झारखंड से गिरफ्तार किया था। पुलिस कस्टडी में उसे ट्रेन से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। शुक्रवार की रात जैसे ही भेड़ाघाट स्टेशन के पास ट्रेन की गति धीमी हुई बदमाश ने एएसआई को धक्का दिया और चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी के भागने की रिपोर्ट भेड़ाघाट थाने में दर्ज कराई है। मामला दर्ज कर पुलिस फरार हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।
भेड़ाघाट पुलिस के अनुसार देर रात महाराष्ट्र पुलिस के एएसआई बालाजी साउबा ने पुलिस को बताया कि चोरी के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी वसीम अख्तर को गिरफ्तार करने हवलदार विलास के साथ झारखंड गए थे। वहाँ से आरोपी वसीम को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया था। उसके बाद आरोपी को पाटिलपुत्र एक्सप्रेस से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। शुक्रवार की रात डेढ़ बजे के करीब जबलपुर स्टेशन पहुँची थी। यहाँ से ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद आरोपी ने टायलेट जाने के लिए कहा। रस्सी से बंधे आरोपी को पुलिस टीम टायलेट लेकर गई थी। आरोपी काफी देर तक टायलेट से बाहर नहीं निकला, जैसे ही भेड़ाघाट स्टेशन के पहले ट्रेन की गति धीमी हुई आरोपी टायलेट से निकला और एएसआई व हवलदार को धक्का देकर ट्रेन से कूद गया। उसे पकडऩे की कोशिश में एएसआई घायल हो गया था। मामला दर्ज कर पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्र में सूचना प्रेषित कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए हैं।
Created On :   10 Sept 2022 11:19 PM IST