- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ब्रांच मैनेजर के सूने घर से चोरों...
ब्रांच मैनेजर के सूने घर से चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर, कई घरों के ताले तोड़कर चोरी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जोरदार बारिश के दौरान चोर गिरोह ने कहर बरपाते हुए कई घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित न्यू शास्त्री नगर में रहने वाले एक दम्पति जन्माष्टमी की पूजा करने अपनी ससुराल गए और चोरों ने मौका पाकर सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 5 लाख के जेवर व नकदी पार कर दिए। सुबह ससुराल से वापस लौटने पर पति-पत्नी को चोरी होने की जानकारी लगी और उन्होंने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की पतासाजी के प्रयास शुरू किए।
सूत्रों के अनुसार न्यू शास्त्री नगर निवासी पुनीत मदान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बंधन बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। न्यू शास्त्री नगर में अपने माता-पिता और पत्नी के साथ रहते हैं। कुछ दिनों पूर्व माता-पिता यूएस चले गए थे। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी बच्चों के साथ जन्माष्टमी की पूजा करने के लिए ससुराल चले गए थे। सुबह वापस लौटे, तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अज्ञात चोंरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 5 लाख के सोने-चांदी के जेवर व नकदी 15 हजार रुपए चोरी कर लिए हैं। वहीं उनके माता-पिता के आने पर चोरी गए सामान की सही जानकारी लग सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों का पता लगाने जाँच शुरू कर दी है।
सूने मकान का ताला टूटा
गोरखपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी व कीमती सामान चोरी कर लिया। सूत्रों के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाले डीके जोशी, उम्र 71 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका एक मकान आदर्श नगर, रामपुर, आदित्य कॉलोनी में भी है। उस मकान में वह कभी-कभार आते-जाते हैं। 23 अगस्त को शाम 5 बजे आदर्श नगर वाले मकान में पहुँचे, तो देखा कि घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा, तो घर में रखी दोनों आलमारियों के पल्ले खुले थे। ड्रॉज में रखे नकदी 55 सौ रुपए एवं आलमारी में रखे 1 हजार रुपए के कपड़े गायब थे। रिपोर्ट पर धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है
किसान भाइयों के घर चोरी
बरगी थाना क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने ग्राम पारा निवासी सगे किसान भाइयों के घरों के ताले तोड़कर जेवर व नकदी सामान चोरी कर लिया। सूत्रों के अनुसार ग्राम पारा निवासी नेपाल पटेल ने बताया कि वह किसानी का कार्य करता है, उनका भाई संतोष भी किसानी का कार्य करता है और दोनों के घर आसपास हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने दोनों के घरोंं में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, नकदी सहित एक लाख से अधिक का सामान चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस अज्ञात चोरों की पतासाजी में जुटी है।
Created On :   25 Aug 2019 6:58 PM IST