चाकू मार कर युवक की हत्या, बदमाशों ने किया हमला

Young man killed by stabbing
चाकू मार कर युवक की हत्या, बदमाशों ने किया हमला
कामठी चाकू मार कर युवक की हत्या, बदमाशों ने किया हमला

डिजिटल डेस्क, कन्हान/कामठी. कन्हान के साप्ताहिक बाजार में शस्त्रधारी युवकों द्वारा किए गए उत्पात की घटना अभी ठंडी पड़ी नहीं कि रविवार को एक अन्य युवक की हत्या से कन्हान फिर दहल उठा। नगर के आंबेडकर चौक में रविवार को रात में एक युवक द्वारा दूसरे युवक के सीने पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर देने की घटना सामने आई । जानकारी के मुताबिक घायल युवक की मेयो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत होने से परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार रविवार की रात 10.30 से 10.45 बजे के बीच तीन युवक आंबेडकर चौक पर खड़े थे। इस बीच तीनों युवकों का आपस में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक योगेश राईकवार ने दूसरे युवक हरिहर निवासी सागर कालीचरण यादव (26) के सीने के पास चाकू से दो बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सागर जब खुद को बचाने के लिए मौके से भागा तो आरोपी योगेश राईकवार ने जान से मारने के इरादे से उसका पीछा किया, लेकिन सागर यादव घटना स्थल से भाग निकला।

परिसर के नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। अपराध शाखा पुलिस निरीक्षक यशंवत कदम, सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश मेश्राम, वैभव बोरपल्ले, हरीश सोनभ्रदे, महेंद्र जलीतकर, गणपत सायरे पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक सागर यादव तारसा चौक की ओर भाग गया था। पुलिस ने महामार्ग पर स्थित स्टेट बैंक के सामने सागर को तलाश कर उसे कन्हान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। जहां डाक्टरों द्वारा उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे नागपुर के मेयो अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक सागर यादव की अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार की सुबह 6 बजे मौत हो गई। इस बीच पुलिस ने आरोपी योगेश राईकवार को रात में उसके घर से हिरासत में ले लिया। कन्हान पुलिस ने मृतक की मां ताराबाई कालीचरण यादव की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत पहले मामला दर्ज कर लिया था, जिसके बाद आरोपी योगेश के खिलाफ धारा 302 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सी.बी. चव्हान कर रहे हैं।

 

Created On :   8 March 2023 2:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story