Pune News: 500 से 700 तेंदुओं को भेजा जाएगा गुजरात

500 से 700 तेंदुओं को भेजा जाएगा गुजरात
तेंदुओं के हमलों को रोकने के लिए बड़ा फैसला

भास्कर न्यूज, पुणे। इंसानों पर तेंदुओं के हमले रोकने के लिए अगले 6 माह में पुणे जिले के 500 से 700 तेंदुओं को पकड़कर गुजरात के वनतारा भेजा जाएगा। पुणे जिले में तेंदुओं के इंसानों पर बढ़े हमलों के मद्देनजर मुंबई के मंत्रालय में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है, ऐसी जानकारी आंबेगांव के विधायक तथा पूर्व मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने दी। वन मंत्री गणेश नाइक, पुणे म्हाडा के अध्यक्ष शिवाजीराव आढलराव और दिलीप वलसे पाटिल की उपस्थिति में यह बैठक हुई। इसके लिए आवश्यक पिंजरे खरीदने के लिए तुरंत 10 करोड़ रुपए का प्रावधान करने का आदेश वन मंत्री ने वन विभाग के सचिव मिलिंद म्हैसकर को दिया है।

वन मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित सायरन सिस्टम तुरंत लगाने और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने की अनुमति दे दी है। नरभक्षी तेंदुए को मारने की अनुमति की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। विशेष रूप से, पिंपरखेड़ क्षेत्र के नरभक्षी तेंदुए को मारने के लिए दी गई एक दिन की अनुमति को बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

केंद्रीय वन मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधि मंडल

तेंदुओं की नसबंदी पर चर्चा करने के लिए सरकार का प्रतिनिधि मंडल केंद्रीय वन मंत्री से मुलाकात करेगा। 'तेंदुआ सफारी पार्क' को सेंट्रल जू अथॉरिटी से अनुमति दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। आंबेगांव, जुन्नर, खेड और शिरूर तहसीलों में वन कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। पूर्व गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि तेंदुओं की नसबंदी के लिए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, वन मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और जन प्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली में केंद्रीय वन मंत्री से मिलेगा। उन्होंने बैठक में मंजूर किए गए विषयों को तत्काल लागू करने और दीर्घकालिक कार्यान्वयन के लिए शासन स्तर पर विस्तृत योजना तैयार करके अगली बैठक में प्रस्तुत करने का भी सुझाव दिया।

Created On :   4 Nov 2025 6:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story