- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- हड़पसर औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाओं...
Pune City News: हड़पसर औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाओं के लिए संघर्ष

भास्कर न्यूज, हड़पसर। पुणे महापालिका की पहली औद्योगिक बस्ती के रूप में पहचानी जाने वाले हड़पसर औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों के सामने समस्याओं का पहाड़ खड़ा है, और कई लोगों को अभी भी पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इसी पृष्ठभूमि में, पुणे महापालिका के अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने हाल ही में क्षेत्र का निरीक्षण किया और यहां के उद्यमियों और निवासियों को परेशान करने वाले मुद्दों को तत्काल हल करने के निर्देश दिए।
लगभग 350 एकड़ में फैले इस क्षेत्र में 150 कंपनियां कार्यरत हैं। ये कंपनियां पालिका को लगभग 140 करोड़ तक का टैक्स देती हैं। इसके बावजूद, यहां के उद्यमियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पालिका की उपेक्षा के कारण यहां की कई कंपनियां अन्यत्र स्थानांतरित हो गई हैं, जिसके चलते उद्योगों के पलायन को रोकने के लिए ठोस उपाय करने की मांग की जा रही है।
शनिवार की सुबह अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने हड़पसर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया। अतिरिक्त आयुक्त ने आश्वासन दिया कि कचरा डिपो से निकलने वाला गंदा पानी नहर में कैसे छोड़ा गया, इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने नहर पर बने पुल के सामने अवैध रूप से मलबा डालकर रास्ता बंद करने की भी जांच की। उन्होंने उद्यमियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उद्यमियों ने बताई प्रमुख समस्याएं
क्षेत्र में पीने के पानी की कमी, खराब सड़कों के कारण यातायात में बाधा आ रही है, स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, कचरा डिपो का प्रबंधन ठीक नहीं है। परिसर में अवैध ठेले बड़े पैमाने पर लगाए गए हैं। 150 करोड़ का टैक्स भरने के बावजूद एमआईडीसी क्षेत्र को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इन समस्याओं को लेकर उद्यमियों ने अतिरिक्त आयुक्त को अवगत कराया। इस निरीक्षण के दौरान हडपसर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के चेयरमैन जयसिंग संपत, विक्रम सालुंखे, आनंद भोरा, रमेश ओसवाल, स्वागत जगताप, ढोले पाटिल क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक आयुक्त कुणाल धुमाल और अन्य विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हमने यहां के उद्यमियों और नागरिकों से संवाद किया है। यहां के मुद्दों की प्राथमिकता तय करके चार महीनों के भीतर सभी समस्याओं को हल किया जाएगा।
-पृथ्वीराज बी. पी., अतिरिक्त आयुक्त, पुणे मनपा
Created On :   3 Nov 2025 5:26 PM IST












