- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- सरहद पर तैनात भारतीय जवानों के साथ...
Pune City News: सरहद पर तैनात भारतीय जवानों के साथ मनाई दिवाली

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। देश की रक्षा के लिए जवान जब अपने परिवार से दूर सीमाओं पर तैनात रहते हैं, तब उनकी बदौलत देशवासी अपने परिवार के साथ सुरक्षित और हर्षोल्लास से दिवाली मना पाते हैं। सैनिकों को परिवार की कमी महसूस न हो, इस उद्देश्य से भारत विकास ग्रुप (बीवीजी) और आम्ही पुणेकर संस्था ने इस बार सीमा पर जाकर जवानों के साथ दीपोत्सव मनाने का संकल्प लिया था। इसके तहत जम्मू-कश्मीर की बारामुल्ला, कुपवाड़ा, डोडा और रियासी सीमाक्षेत्रों में तैनात भारतीय सैनिकों के साथ मिलकर दिवाली का पर्व मनाया।
दिवाली के अवसर पर बीवीजी कर्मचारियों द्वारा तैयार शुभकामना संदेश और उपहार जवानों को भेंट किए गए। ‘आम्ही पुणेकर’ संस्था की ओर से सैनिकों को पारंपरिक दिवाली फराल पुणेरी चिवड़ा, लड्डू और अन्य मिठाइयाँ वितरित की गईं। इस पहल में पुना मर्चंट चेंबर ने विशेष सहयोग दिया। इसके साथ ही काफीला फाउंडेशन और जनरल जोरावर सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट ने भी दिवाली उत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कई सैनिकों के परिवारजन भी शामिल हुए।
बीवीजी समूह द्वारा जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र की आपातकालीन चिकित्सा सेवा (108 एम्बुलेंस सेवा) चलाई जाती है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जम्मू-कश्मीर आपातकालीन चिकित्सा सेवा की एम्बुलेंस टीम ने सराहनीय कार्य किया था। इस सेवा के प्रोजेक्ट हेड मुश्ताक अहमद के कुशल नियोजन की सेना अधिकारियों ने विशेष प्रशंसा की।
“'ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बीवीजी की आपातकालीन चिकित्सा सेवा टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया था। इस बार हमारे बीवीजी कर्मियों और सेवा टीम ने सैनिकों के साथ दिवाली मनाई, यह मेरे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है।”
- हणमंतराव गायकवाड, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, बीवीजी
“आम्ही पुणेकर संस्था पिछले कई वर्षों से सैनिकों के साथ विभिन्न त्यौहार मनाती आ रही है। सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए बीवीजी और आम्ही पुणेकर आगे भी कई सामाजिक उपक्रम चलाने जा रहे हैं।”
- हेमंत जाधव, अध्यक्ष, आम्ही पुणेकर संस्था
Created On :   1 Nov 2025 5:50 PM IST












