- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- शहर पुलिस बल में शामिल होंगे 322...
Pune City News: शहर पुलिस बल में शामिल होंगे 322 जवान

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। शहर पुलिस बल में 322 पुलिस कांस्टेबल की भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 29 अक्टूबर से 30 नवंबर की अवधि में ऑनलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। शहर पुलिस भर्ती में विभिन्न श्रेणियों के लिए पद भरे जाएंगे। सामान्य वर्ग के लिए 97 पद, महिला के लिए 97 पद, खिलाड़ी 16 पद, परियोजनाग्रस्त 16 पद, भूकंपग्रस्त 6 पद, पूर्व सैनिक 48 पद, अंशकालिक स्नातक 16 पद, पुलिस पाल्य 10 पद, गृहरक्षक दल 16 पद, और अनाथ के 3 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवारों के लिए आवेदन की जानकारी महाराष्ट्र पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। राज्य के सभी पुलिस घटकों में लिखित परीक्षा एक ही दिन आयोजित की जाएगी, इसलिए उम्मीदवार पूरे महाराष्ट्र में केवल एक घटक में ही आवेदन कर सकता है। यदि उम्मीदवार ग़लत जानकारी देता है, तो उसकी उम्मीदवारी किसी भी चरण पर रद्द कर दी जाएगी।
- भर्ती प्रक्रिया और पात्रता
भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले शारीरिक परीक्षा ली जाएगी। इसमें न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों में से 1:10 के अनुपात में 100 अंकों की लिखित परीक्षा ली जाएगी। उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक है। 40 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार अपात्र माने जाएंगे। शारीरिक और लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की एक गुणवत्ता सूची तैयार की जाएगी। उन उम्मीदवारों के मूल दस्तावेज़ों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज़ सत्यापन में पात्र पाए गए उम्मीदवारों की अस्थायी चयन सूची तैयार की जाएगी, जिसके बाद अंतिम गुणवत्ता सूची तैयार की जाएगी। पुलिस भर्ती के आवेदन के लिए उम्मीदवार का दसवीं या बारहवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। 18 से 28 वर्ष की आयु वर्ग के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
"पुलिस भर्ती कराने के संबंध में यदि कोई भी व्यक्ति पैसे या किसी अन्य प्रकार की मांग करता है, तो संबंधित उम्मीदवारों को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग से शिकायत करनी चाहिए। यदि कोई अन्य समस्या आती है, तो पुलिस भर्ती समिति के अध्यक्ष तथा पुलिस आयुक्त से शिकायत करें।"
- श्वेता खेड़कर, उपायुक्त तथा अध्यक्ष, पुलिस भर्ती समिति, पिंपरी-चिंचवड (अतिरिक्त कार्यभार)
वर्गानुसार भरे जाने वाले पद
वर्ग पदों की संख्या
ईडब्ल्यूएस 46
एसईबीसी 34
ईमाव 80
विमाप्र 08
भ.ज.-ड 07
भ.ज.-क 19
भ.ज.-ब 17
वि.ज.-अ 12
अ.ज. 22
अ. जा. 42
अनारक्षित 35
Created On :   31 Oct 2025 5:40 PM IST












