Pune News: पत्नी ने पति की महिला मित्र का किया विरोध, गुस्साए पति ने खंभे पर दे मारा सिर, महिला की मौत

पत्नी ने पति की महिला मित्र का किया विरोध, गुस्साए पति ने खंभे पर दे मारा सिर, महिला की मौत

भास्कर न्यूज, पुणे। जुन्नर तहसील के परदेशपुरा क्षेत्र में बुधवार सुबह घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। आरोपी पति चंद्रशेखर रामबचन प्रसाद ने पत्नी प्रतिमा देवी की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति दूसरी महिला से लगातार फोन पर बात करता था, जिससे उसकी पत्नी नाराज रहती थी। जब पत्नी ने विरोध किया और उसका मोबाइल छीन लिया, तो गुस्से में आरोपी ने पत्नी का सिर खंभे से दे मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जुन्नर पुलिस थाने के अनुसार, चंद्रशेखर रामबचन प्रसाद मूल रूप से सरबोल, डुमवलिया, सलेमपुर, जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वह पिछले कई सालों से अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ परदेशपुरा में किराये के घर में रह रहा था। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर राजगुरुनगर के एक एटीएम सेंटर में काम करता था जबकि मृतका प्रतिमा देवी घरों में बर्तन धोने और सफाई का काम करती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। चंद्रशेखर के दूसरी महिला से संबंधों को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे। घटना से दो दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। घटना 29 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे की है। उस दिन प्रतिमा देवी रोज की तरह सोसायटी में काम के लिए निकली थी। जाने से पहले उसने पति से झगड़ा किया और उसका मोबाइल छीन लिया था। इसके बाद वह मोरया रेसीडेंसी सोसायटी में सीढ़ियां चढ़ रही थी, तभी पीछे से आए उसके पति ने उसे जोर से खींचा। संतुलन बिगड़ने से प्रतीमा का सिर खंभे से टकरा गया और वह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गई। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। प्रतिमा को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि घटना के तुरंत बाद ही प्रतिमा की मौत हो गई थी।

घटना की जानकारी मृतका के भाई प्रतिम कुमार वशिष्ठ प्रसाद को दी गई। वे अस्पताल पहुंचे और आरोपी से सवाल किया तो उसने कहा कि पत्नी हमेशा मुझ पर शक करती थी कि मेरा किसी दूसरी महिला से संबंध है। उसी बात पर झगड़ा हुआ और गुस्से में मैंने उसे धक्का दे दिया। जुन्नर पुलिस ने इस घटना के बाद आरोपी चंद्रशेखर रामबचन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

Created On :   31 Oct 2025 2:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story