Pune News: लहूजी शक्ति सेना की मुंबई से नागपुर तक महापदयात्रा 2 नवंबर से होगी शुरू

लहूजी शक्ति सेना की मुंबई से नागपुर तक महापदयात्रा 2 नवंबर से होगी शुरू
सामाजिक न्याय और अनुसूचित जाति आरक्षण में उपवर्गीकरण लागू करने की मांग को लेकर 41 दिन की ऐतिहासिक यात्रा

भास्कर न्यूज, पुणे। सामाजिक न्याय की पुनर्स्थापना और अनुसूचित जाति आरक्षण में उपवर्गीकरण लागू करने की मांग को लेकर लहूजी शक्ति सेना की ओर से 'मुंबई से नागपुर महापदयात्रा' 2 नवंबर 2025 से प्रारंभ होने जा रही है। यह पदयात्रा सुबह 10 बजे डॉ. अण्णाभाऊ साठे उद्यान, सुमन नगर (चेंबूर, मुंबई) से आरंभ होगी। यात्रा का नेतृत्व विष्णू भाऊ कसबे करेंगे।

संगठन ने बताया कि यह यात्रा लगभग 1,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 12 दिसंबर 2025 को नागपुर के यशवंत स्टेडियम, विद्याभवन में होने वाले हिवाली अधिवेशन के दौरान संपन्न होगी। इस दौरान पदयात्री महाराष्ट्र के प्रमुख जिलों — मुंबई, रायगड, पुणे, सोलापुर, लातूर, नांदेड, परभणी, हिंगोली, यवतमाल, अमरावती और वर्धा से गुजरेंगे।

लहूजी शक्ति सेना के संस्थापक अध्यक्ष विष्णुभाऊ कसबे ने "दैनिक भास्कर' के प्रतिनिधि को बताया, कि इस महापदयात्रा का मुख्य उद्देश्य 1 अगस्त 2024 को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आरक्षण उपवर्गीकरण संबंधी निर्णय के क्रियान्वयन की मांग करना है। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से यह भी अपील की है कि न्यायमूर्ति अनंत बदर समिति की रिपोर्ट को तत्काल स्वीकार किया जाए और अनुसूचित जाति के आरक्षण में उपवर्गीकरण लागू कर उपेक्षित व वंचित समाज घटकों को वास्तविक सामाजिक न्याय प्रदान किया जाए।

संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, 'राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर आरक्षण नीति का लाभ कुछ वर्गों तक सीमित रह गया है। उपवर्गीकरण से उन जातियों को न्याय मिलेगा, जो लंबे समय से अधिकारों से वंचित हैं।

यात्रा के दौरान जनजागरण और संवाद कार्यक्रम

महापदयात्रा 41 दिनों तक चलेगी। इस दौरान यात्रा के हर जिले में जनजागरण रैली, सामाजिक संवाद सभा और संविधान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, छात्र, महिला संगठन और अनुसूचित जाति समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

पदयात्रा में भाग लेने वाले स्वयंसेवकों के लिए सुरक्षा, भोजन, चिकित्सा सहायता और ठहराव की व्यवस्था भी की गई है। संगठन के अनुसार, यह केवल आंदोलन नहीं बल्कि 'समानता और सामाजिक न्याय के लिए एक जनअभियान' है।

महापदयात्रा के लिए लहूजी शक्ति सेना ने नारा दिया है —

'चलो मुंबई ते चलो नागपुर!'

संगठन ने सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की है कि वे इस आंदोलन में सहभागिता दर्ज कर न्याय और समानता की लड़ाई को बल दें।

Created On :   31 Oct 2025 7:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story