Pune City News: वनराज की हत्या के बाद आंदेकर परिवार में उभरी दरार

वनराज की हत्या के बाद आंदेकर परिवार में उभरी दरार
प्रॉपर्टी को लेकर दोनों बहनें वनराज से थीं नाराज हत्या से बेहद आहत था बंडू

भास्कर न्यूज, पुणे। वनराज आंदेकर की हत्या होने के बाद आंदेकर परिवार में दरार उभर आई। बताया जाता है बंडू आंदेकर की दो बेटियां प्रॉपर्टी के लिए पिता से हक मांग रही थी। वहीं कहीं ना कहीं उनके मन में वनराज को लेकर नाराजगी भी थी। इस बात का फायदा उठाते हुए सूरज ठोंबर और सोमनाथ गायकवाड़ ने आंदेकर के दामाद गणेश कोमकर से दोस्ती कर ली।

सोमनाथ गायकवाड़ हमेशा से बंडू आंदेकर का राइट हैंड माना जाता था। बंडू आंदेकर का आर्थिक व्यवहार सोमनाथ गायकवाड़ ही देखा करता था। पुलिस सूत्र बताते हैं मटका और जुएं के अड्‌डे सोमनाथ ही संभालता था। उसके संरक्षण में रहकर अवैध धंधों का आर्थिक व्यवहार सोमनाथ का भांजा निखिल आखाड़े देखा करता था। बंडू आंदेकर के बेटे कृष्णा को यह बात पसंद नहीं थी। ताश खेल के क्लब में ही कृष्णा ने सोमनाथ के भांजे की हत्या कर दी थी जिसके चलते सोमनाथ ने आंदेकर गैंग छोड़ दी थी। उसने खुद की गैंग बना ली थी। भांजे की हत्या का बदला लेने के लिए सोमनाथ गायकवाड़ ने गणेश कोमकर को अपने साथ कर लिया। गणेश हमेशा गैंग की बागडोर चलाने का इच्छुक था। आंदेकर परिवार का महापालिका में राजनीतिक दबदबा होने की वजह से गणेश को महापालिका के काफी टेंडर मिले, जिससे आर्थिक व्यवहार में गणेश तगड़ा होने लगा था।

वहीं दूसरी ओर वनराज राजनीति में उतरा और कृष्णा आंदेकर ने अपराध की दुनिया में कदम में रखा। बंडू आंदेकर के नाती तुषार और स्वराज वाडकर भी अपराध की दुनिया में उतर आए। वनराज और कृष्णा आंदेकर आर्थिक व्यवहार देखने लगे, जिसके चलते गणेश कोमकर के साथ उनके मनमुटाव शुरू हो गए। परिवार में होने वाले आपसी वाद-विवाद को सुलझाने के लिए आंदेकर गैंग के मुख्य चेहरे उदयकांत आंदेकर होते थे, लेकिन कोरोना के समय में उदयकांत की मृत्यु हो गई। उदयकांत आंदेकर की मृत्यु के बाद परिवार में दरार पड़ने लगी। गणेश कोमकर ने आंदेकर गैंग को एक कोर्ट केस में आर्थिक मदद नहीं की, जिसकी वजह से उनमें दूरी आ गई। आंदेकर परिवार द्वारा किए जाने वाले अपमान के चलते गणेश कोमकर, सूरज ठोंबरे और सोमनाथ गायकवाड़ से जा मिला।

हत्या से बेहद आहत था बंडू

आरोप है कि कोमकर की मदद से सूरज ठोंबरे और सोमनाथ गायकवाड़ ने वनराज आंदेकर की हत्या करवाई। बताते हैं वनराज की हत्या के बाद बंडू आंदेकर काफी दु:खी हुआ और उसने सारे रिश्ते नाते ताक पर रख दिए। यही कारण है कि आयुष उर्फ गोविंद कोमकर की हत्या हुई तो बंडू का नाम फिर एक बार चर्चा में आ गया। वह बेटी-दामाद को सबक सिखाना चाहता था।

Created On :   1 Nov 2025 5:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story