Pune City News: राज्य सरकार ने कर्जमाफी को लेकर किसानों को धोखा दिया : जरांगे

राज्य सरकार ने कर्जमाफी को लेकर किसानों को धोखा दिया : जरांगे
कर्ज माफी को लेकर मनोज जरांगे ने सरकार को घेरा कोर्ट में पेश हुए जरांगे

भास्कर न्यूज, पुणे। किसानों की कर्जमाफी को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए गए वादे की मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने तीखी आलोचना की है। पाटिल ने कहा है कि यह किसानों के साथ धोखा है। 30 जून-26 तक कर्ज माफी का मतलब है कि तब तक किसान मर जाएंगे। यह बात मानने लायक नहीं है। यह सरकार मुगलों से भी ज्यादा क्रूर है और बदले की भावना से काम कर रही है।

यह बात मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल ने कही। वे शुक्रवार को शिवाजीनगर स्थित कोर्ट में पेशी के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुझे राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा दी गई मदद स्वीकार नहीं है। किसानों को किसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए और आगे आना चाहिए। उन्हें पूरी कर्ज माफी मिलना चाहिए। जरांगे ने चेतावनी दी कि हमें समिति जैसी कोई चीज नहीं चाहिए। समिति को बर्खास्त करो, वरना हम उन्हें सड़कों पर नहीं घूमने देंगे।

फडणवीस की आलोचना

कर्ज माफी को लेकर नागपुर में बच्चू कडू के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को मुंबई में मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में आश्वासन दिया गया कि सरकार 30 जून-26 तक कर्ज माफी की घोषणा कर देगी। इस पर जरांगे पाटिल ने दावा किया है कि यह किसानों के साथ धोखा है। उन्होंने सीएम देवेंद्र फडणवीस की आलोचना करते हुए कहा कि ये लोग कुछ भी कर सकते हैं। फडणवीस एक तरफ तो मीठी-मीठी बातें करते हैं और दूसरी ओर चालें चलते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों तरफ से मीठी-मीठी बातें मत करो।

- कोर्ट में पेश हुए जरांगे

जरांगे पाटिल शुक्रवार (31 अक्टूबर) को पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट में पेश हुए। उन पर नाटक निर्माता को धोखा देने और पैसों के गबन करने का आरोप है। यह मामला प्रथम श्रेणी न्याय दंडाधिकारी जी.आर. डोरनालपल्ले की कोर्ट में चल रहा है। जरांगे पाटिल ने कोर्ट में पेश होकर खुद को निर्दोष बताते हुए इस प्रकरण से दोषमुक्त करने और मामला समाप्त करने की अर्जी दी। कोर्ट ने इस पर बचाव पक्ष की दलीलें सुनी और अब आगे की सुनवाई 18 नवंबर को रखी है। नाटक आयोजित करने के नाम पर पैसे लेने और शो न करने का आरोप उनपर लगा है। शिकायतकर्ता धनंजय घोरपड़े (वारजे, पुणे) ने जरांगे पाटिल और उनके दो साथियों अर्जुन प्रसाद जाधव व दत्ता बहीर (दोनों निवासी अंबड़, जिला जालना) पर कोथरुड पुलिस थाने में धोखाधड़ी और गबन का केस दर्ज करवाया था। घोरपड़े का आरोप है कि जरांगे पाटिल ने नाटक के प्रयोग आयोजित करने का वादा किया था, लेकिन पैसे लेने के बाद न तो कार्यक्रम आयोजित किया गया और न ही रकम लौटाई गई।

Created On :   1 Nov 2025 1:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story