Pune City News: अनुपयोगी वस्तुओं से रोशन हुई जरूरतमंदों की दिवाली

अनुपयोगी वस्तुओं से रोशन हुई जरूरतमंदों की दिवाली
  • मनपा की पुरानी वस्तु, नया उपयोग संकल्पना को लेकर लोग उत्साहित
  • 31 टन अनुपयोगी वस्तुओं को रीसाइकिल कर उपयोगी बनाया गया
  • लोगों ने जमा किए पुराने कपड़े, खिलौने, बर्तन, किताबें, इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। 'पुरानी वस्तु, नया उपयोग' की संकल्पना को साकार करते हुए, महानगरपालिका ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शुरू किए गए आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रीसाइकिल) केंद्रों के माध्यम से इस वर्ष की दिवाली को सामाजिक जिम्मेदारी की दिवाली के रूप में रोशन किया है। आठ क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत कुल 32 प्रभागों में चल रहे आरआरआर केंद्रों में नागरिकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। जहां अनुपयोगी लेकिन अच्छी स्थिति वाली वस्तुएं बड़ी मात्रा में दान की गई हैं। इन वस्तुओं का वर्गीकरण कर उन्हें जरूरतमंद परिवारों को वितरित किया जा रहा है, जिससे उनके घरों में भी आनंद का दीया प्रज्वलित हुआ।

दिवाली के अवसर पर, स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से पुराने कपड़े, खिलौने, बर्तन, किताबें, इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं जैसी वस्तुओं को केंद्रों में जमा करने की अपील की थी। नागरिकों ने भी इस अपील को सहर्ष स्वीकार करते हुए दान में बड़े पैमाने पर भागीदारी की। इस पहल को और गति देने के लिए पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका द्वारा जन जागरूकता के साथ-साथ विभिन्न सोसायटियों में घर-घर जाकर विशेष वस्तु संकलन अभियान चलाया गया था। इसे भी उत्कृष्ट प्रतिसाद मिला। महानगरपालिका के सभी आरआरआर केंद्रों पर मिलकर कुल 31 टन पुर:उपयोग वस्तुएं जमा हुई हैं। इस माध्यम से, पुनर्चक्रण द्वारा पर्यावरण संरक्षण की संकल्पना को नागरिकों के सहयोग से बल मिला है। महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आरआरआर पहल के लिए विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, और नागरिकों से स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण इन तीनों मूल्यों के संगम वाले इस अभियान में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की गई है।

आरआरआर केंद्रों के माध्यम से इस पहल में नागरिकों की सहज भागीदारी ही इस उपक्रम की सच्ची सफलता है। दिवाली के दौरान लोगों ने अपनी खुशी दूसरों के साथ बांटकर सामाजिक ज़िम्मेदारी का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया है। पुरानी वस्तु, नया उपयोग' की संकल्पना के माध्यम से नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण और मानवता, दोनों मूल्यों को संजोया है।

- विजयकुमार खोराटे, अतिरिक्त आयुक्त, मनपा

Created On :   3 Nov 2025 2:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story