Pandhurna News: पांढुर्ना जिले के भुम्मा और जामसांवली को मिलेगी ग्रामीण पर्यटन के रूप में नई पहचान

एमपी टूरिज्म बोर्ड ने शुरू की बड़ी पहल, प्रदेश के पर्यटन मानचित्र में प्रदर्शित होने से मिलेगी नई पहचान

डिजिटल डेस्क,पांढुर्ना। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने ग्रामीण पर्यटन को नई उड़ान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पांढुर्ना जिले के भुम्मा और जामसांवली गांवों का चयन ग्रामीण पर्यटन परियोजना के लिए किया है। बोर्ड ने परियोजना सहयोगी संस्था पांढुर्ना जिला कलेक्टर कार्यालय को दोनों गांवों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किए है।

इस संबंध में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने बताया कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संचालक-कौशल डाॅ.डीपी सिंह द्वारा 01 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार चयनित गांवों में होमस्टे विकसित किए जाएंगे, ग्राम पर्यटन समिति का गठन होगा और स्थानीय लोगों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

परियोजना के तहत सबसे पहले क्लस्टर समन्वयक की नियुक्ति, बेसलाइन सर्वे और ग्राम प्रवेश गतिविधियां शुरू होंगी। इसके बाद होमस्टे निर्माण की रूपरेखा तैयार कर पर्यटन अवसंरचना का विकास किया जाएगा।

निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार होमस्टे निर्माण अधिकतम 90 दिनों में पूरा किया जाएगा। निर्माण पूर्ण होने के बाद होमस्टे का पंजीयन, टेस्ट गेस्ट के माध्यम से संचालन का परीक्षण और विभाग को इसकी समस्त जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ के अनुसार मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की इस पहल से पांढुर्ना जिले के ग्रामीण अंचलों की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और लोककला को नई पहचान मिलेगी।

साथ ही ग्रामीणों की आय बढ़ाने और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस ग्रामीण पर्यटन परियोजना के माध्यम से जिले के भुम्मा और जामसांवली प्रदेश के पर्यटन मानचित्र में नई पहचान बनाएंगे।

Created On :   2 July 2026 7:27 PM IST

Tags

Next Story