Pandhurna News: कम बारिश से परेशान किसानों का सर्वे करा रही सरकार, सीएम बोले-हर स्तर पर करेंगे मदद

डिजिटल डेस्क,पांढुर्णा। राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में अपने व्यस्ततम कार्यक्रमों के बीच समय निकालकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पांढुर्णा के किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महोत्सव से जुड़े। मुख्यमंत्री ने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि पांढुर्णा संतरा, मूंगफली, मक्का और कपास जैसी कृषि उपज का अच्छा उत्पादक क्षेत्र रहा है, लेकिन इस साल कम बारिश होने के कारण किसान परेशान हैं। किसानों की समस्याओं को देखते हुए सरकार सर्वे करा रही है। सर्वे के आधार पर किसानों को राहत देने के साथ ही प्रदेश सरकार हर स्तर पर उनकी मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है।
राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन कृषि उपज मंडी प्रांगण में किया गया, जिसमें पांढुर्णा सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने जिले के उन्नतशील किसानों का सत्कार कर उनके कृषि कार्यों और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक गतिविधि विभाग के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन भी किया गया। महोत्सव में किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही आमजन को शासकीय योजनाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी देने के लिए उद्यानिकी, कृषि, जनपद पंचायत, सहकारिता, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों ने सुविधा एवं जानकारी केंद्रों के स्टॉल लगाए।
महोत्सव में मध्य प्रदेश सहकारिता बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़, जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े, भाजपा उपाध्यक्ष उज्ज्वल सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक विदिता डागर, एडीएम ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर नेहा सोनी, एसडीएम अलका इक्का, तहसीलदार प्रेक्षा पाठक, सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में कृषि से लेकर स्वरोजगार तक की जानकारी : महोत्सव में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित पांढुर्णा ने स्टॉल लगाए। अर्धनारीश्वर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी सौंसर, भूमि सेवक प्रोड्यूसर कंपनी पांढुर्णा और ग्राम आर्ट पारडसिंगा ने भी अपने उत्पादों एवं गतिविधियों का प्रदर्शन किया। ग्राम आर्ट द्वारा महिलाओं एवं ग्रामीण कारीगरों के हाथों से तैयार उत्पादों तथा बीजों से निर्मित आकर्षक सामग्री प्रदर्शित की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभागीय योजनाओं तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और बच्चों के पोषण के महत्व से अवगत कराया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने पशुओं में लंपी रोग के लक्षण, उपचार, बांझपन की समस्या और अन्य बीमारियों की जानकारी दी।
सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक ने नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो कॉपर और नैनो जिंक सहित कीटनाशक एवं फफूंदनाशकों के उपयोग के बारे में बताया। कृषि विकास विभाग ने सब्जी उत्पादन, जैविक हल्दी की खेती, उन्नत फसल उत्पादन तकनीकों और प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले स्प्रे एवं कीट नियंत्रण के उपायों का प्रदर्शन किया।
वहीं उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने फल-सब्जी उत्पादन, कच्ची घानी के तेल तथा कृषि आधारित खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने और स्वरोजगार के अवसरों से किसानों को अवगत कराया।
महोत्सव स्थल पर कृषक पंजीयन काउंटर भी बनाया गया, जहां किसानों का पंजीयन किया गया। इस तरह महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, शासकीय योजनाओं, विभागीय सुविधाओं और कृषि आधारित स्वरोजगार की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
Created On :  
