Pandhurna News: कमलनाथ ने सीएम को लिखा पत्र, पेयजल संकट से निपटने निकायों को करोड़ों रुपए देने की मांग

कमलनाथ ने सीएम को लिखा पत्र, पेयजल संकट से निपटने निकायों को करोड़ों रुपए देने की मांग
अल्पवर्षा से घट रहा जलस्तर, गर्मी में गहराएगा पेयजल संकट, नगर निगम को 5 करोड़, नगर पालिका और जनपद पंचायतों को 2-2 करोड़ तथा नगर पंचायतों को 1-1 करोड़ देने का प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क,पांढुर्णा। जिले में अल्पवर्षा के कारण गहराते पेयजल संकट और आगामी गर्मी में संभावित जलसंकट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अर्द्धशासकीय पत्र लिखकर विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। कमलनाथ के पत्र क्रमांक 350, दिनांक 3 नवंबर 2026 के संदर्भ में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ से मुलाकात कर जिले की पेयजल समस्या पर चर्चा की और पत्र में की गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।

कमलनाथ ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में अल्पवर्षा के कारण जलस्त्रोतों का जलस्तर लगातार घट रहा है। इससे अनेक क्षेत्रों में सूखे जैसी स्थिति निर्मित हो रही है। पेयजल की समस्या अभी से गंभीर रूप धारण कर रही है और आगामी ग्रीष्मकाल में इसके और विकराल होने की आशंका है। ऐसी स्थिति में आमजन को पीने के पानी के लिए अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने समय रहते पेयजल संकट से निपटने के लिए स्थानीय निकायों को पर्याप्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई है।

निकायों के लिए मांगी अलग-अलग राशि : कमलनाथ ने पेयजल संकट से प्रभावित क्षेत्रों में नए जलस्त्रोत विकसित करने, नलकूप खनन, पेयजल परिवहन, पाइपलाइन विस्तार और जल संरचनाओं के निर्माण सहित आवश्यक कार्यों के लिए नगर निगम को 5 करोड़ रुपए, जिले की समस्त नगर पालिकाओं में प्रत्येक को 2 करोड़ रुपए, समस्त जनपद पंचायतों में प्रत्येक को 2 करोड़ रुपए तथा समस्त नगर पंचायतों में प्रत्येक को 1 करोड़ रुपए स्वीकृत कर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि इन कार्यों के लिए समय रहते राशि उपलब्ध होने से पेयजल संकट का प्रभावी प्रबंधन किया जा सकेगा। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि आमजन को पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए राशि की स्वीकृति एवं आवंटन की कार्रवाई प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर से मिलकर रखी मांग : कमलनाथ के पत्र को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर जिले की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कम बारिश के कारण जलस्त्रोतों में पानी कम हो रहा है। ऐसे में आगामी गर्मी के पहले ही पेयजल व्यवस्था के लिए ठोस कार्ययोजना बनाना जरूरी है।

नए नलकूपों का खनन, पाइपलाइन विस्तार, जलस्त्रोतों का विकास और जरूरत पड़ने पर टैंकरों से पानी पहुंचाने के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाना चाहिए। कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पेयजल संकट की स्थिति को लेकर प्रशासन गंभीर है और पत्र में उठाए गए विषयों के अनुरूप शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतन उईके, सौंसर विधायक विजय चौरे, पांढुर्णा विधायक नीलेश उईके, नगर पालिका उपाध्यक्ष ताहिर पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष विलास डोंगरे, नगर अध्यक्ष जयंत घोड़े, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष राजू कोल्हे, जिला मीडिया अध्यक्ष देवकांत मांडोगड़े एवं जिला मीडिया उपाध्यक्ष संजय परतेती सहित कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Created On :  

Next Story