Panna News: पन्ना में 45 हजार की रिश्वत लेते लेखाधिकारी और लिपिक रंगे हाथ पकड़े गए
डिजिटल डेस्क,पन्ना। जल संसाधन विभाग कार्यालय पन्ना में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ा। पकड़े गए आरोपी संभागीय लेखाधिकारी दीपक परिहार और लिपिक सहायक ग्रेड-2 अरविंद पाठक हैं जिनके पास से कुल 45 हजार रुपए रिश्वत के रूप में बरामद किए गए। डीएसपी लोकायुक्त कमल सिंह उइके ने बताया कि दीपक परिहार से 15 हजार रुपए तथा अरविंद पाठक से 30 हजार रुपए बरामद हुए। अजयगढ़ तहसील के मझगांव बांध में सेल्यूस निर्माण कार्य के ठेकेदार गौरव तोमर निवासी ग्वालियर ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त सागर को शिकायत दी थी कि निर्माण कार्य पर विभाग से 55 लाख रुपए का भुगतान होने के बाद दोनों कर्मचारी उससे क्रमश: 15 हजार और 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त सागर दुर्गेश राठौर के निर्देश पर बुधवार दोपहर लगभग 1 बजे लोकायुक्त टीम पन्ना पहुंची। कार्रवाई के दौरान एक कक्ष में दीपक परिहार को फरियादी से मिले 15 हजार रुपए के साथ जबकि दूसरे कक्ष में अरविंद पाठक को 30 हजार रुपए के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा धारा १३(१बी),१३(२) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
Created On :  
