Panna News: कैम्पा मद से कराए गए पौधरोपण कार्यों में नियमों की अनदेखी, रेंजर निलंबित

कैम्पा मद से कराए गए पौधरोपण कार्यों में नियमों की अनदेखी, रेंजर निलंबित
विभागीय जांच के बाद मुख्य वन संरक्षक छतरपुर ने की कार्यवाही

डिजिटल डेस्क,पन्ना। उत्तर वन मंडल के अजयगढ़ परिक्षेत्र में कैम्पा मद से कराए गए पौधरोपण कार्यों में अनियमितताओं के मामले में बड़ी विभागीय कार्रवाई सामने आई है। अजयगढ़ में पदस्थापना के दौरान अतिक्रमण वाली भूमि पर तीन प्लांटेशन कराए जाने के मामले में वर्तमान पवई रेंजर पंकज दुबे को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निलंबित कर दिया गया है। मामले की खास बात यह है कि जिन स्थानों पर पौधरोपण कार्य कराए गए, वहां पहले से अतिक्रमण था और मकान भी बने हुए थे। इसके बावजूद कैम्पा मद के अंतर्गत तीन प्लांटेशन कराए जाने का मामला जांच में सामने आया। विभागीय जांच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित रेंजर के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है।

उत्तर वन मंडलाधिकारी धीरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि रेंजर पंकज दुबे ने अजयगढ़ में पदस्थ रहते हुए कैम्पा मद के अंतर्गत तीन ऐसे स्थानों पर प्लांटेशन कराए थे, जहां पहले से अतिक्रमण मौजूद था और लोगों के घर बने हुए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमानुसार प्लांटेशन के लिए अतिक्रमण मुक्त भूमि का चयन एवं स्वीकृति आवश्यक है। संबंधित रेंजर को पहले भूमि से अतिक्रमण हटवाना चाहिए था, उसके बाद ही वहां प्लांटेशन का कार्य कराया जाना चाहिए था।

इस मामले की जांच के उपरांत मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त छतरपुर द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि अजयगढ़ परिक्षेत्र में अनियमितताओं से जुड़े मामले में वन रक्षक रामनरेश राजपूत और वनपाल मुकेश रैकवार को भी पूर्व में निलंबित किया जा चुका है। अब तत्कालीन अजयगढ़ एवं वर्तमान पवई रेंजर पंकज दुबे पर कार्रवाई हुई है। बताया गया है कि निलंबन के बाद पंकज दुबे को निवाड़ी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इस कार्रवाई के बाद सवाल उठ रहा है कि अतिक्रमण वाली भूमि पर प्लांटेशन की स्वीकृति और कार्यों की निगरानी किस स्तर पर हुई थी।

साथ ही, ऐसे स्थानों पर शासकीय राशि खर्च किए जाने से पहले भूमि की वास्तविक स्थिति का सत्यापन क्यों नहीं किया गया। फिलहाल वन मंडलाधिकारी की पुष्टि से यह स्पष्ट हो गया है कि रेंजर का निलंबन अजयगढ़ में कैम्पा मद से कराए गए तीन प्लांटेशन में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर किया गया है।

जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं जिसमें केन-बेतवा लिंक परियोजना, सतना-खजुराहो रेल लाइन, मझगवां डेम, रूझ डेम आदि में प्रभावित हुई वन भूमि के बदले वन विभाग को जिले भर में प्लांटेषन के लिए खासा बजट आवंटित किया गया है। इसी बजट को ठिकाने लगाने के चलते आनन-फानन में प्लांटेषन किए जा रह है, जिले में इन दिनों बडे पैमाने पर प्लांटेषनों का कार्य चल रहा है।

इनका कहना है

रेंजर पंकज दुबे को वरिष्ट अधिकारियों द्वारा निलंबित किया गया है, कैम्पा प्लांटेषन के दौरान अतिक्रमण मुक्त किए बगैर प्लांटेषन के मामले में यह कार्यवाही की गई है। रेंजर पंकज दुबे पर अजयगढ़ रेंजर रहते हुए तीन प्लांटेषनों को विवादित भूमि पर कराया गया, जहां मकान बने हुए थे, जिस पर यह कार्यवाही हुई है।

धीरेन्द्र सिंह परिहार, डीएफओ, उत्तर वन मंडल पन्ना

Created On :  

Tags

Next Story