- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जिला अस्पताल में स्त्री रोग...
Panna News: जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञों का टोटा, गर्भवती महिलाएं परेशान, जनप्रतिनिधि मौन

Panna News: जिला चिकित्सालय में कार्यरत दोनों स्त्री रोग विशेषज्ञों गायकोनॉलॉजिस्ट के अवकाश पर चले जाने से गर्भवती महिलाओं ंऔर प्रसूताओं को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर की गैर मौजूदगी के कारण दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को बिना उपचार लौटना पड़ रहा है जिससे उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा पर बड़ा संकट मंडरा रहा है।
महिला चिकित्सकों की भारी कमी
जिला अस्पताल सहित जिले के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी महिला चिकित्सकों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इस गंभीर स्थिति के बावजूद जिले के जनप्रतिनिधियों द्वारा इन महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की यह उपेक्षा सीधे तौर पर ग्रामीण और गरीब वर्ग की महिलाओं के जीवन को प्रभावित कर रही है।
अस्पताल में अकेले ही ड्यूटी कर रहीं थी डॉ. मीना नामदेव
जिला अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना नामदेव लंबे समय से अकेले ही पूरे अस्पताल का कार्यभार संभाल रही थीं। वह न केवल ओपीडी में आने वाली महिलाओं को देख रही थीं बल्कि सीजर ऑपरेशन भी अकेले ही कर रही थीं। इसका कारण यह था कि जिला अस्पताल की दूसरी महिला चिकित्सक डॉ. नीलम पटेल पहले से ही गर्भावस्था अवकाश पर हैं। अब डॉ. मीना नामदेव को भी पारिवारिक कारणों से 25 नवंबर से 30 नवंबर तक के लिए अवकाश पर बाहर जाना पड़ा है। इस कारण जिला अस्पताल इस अवधि के लिए अनुभवी स्त्री रोग विशेषज्ञ से पूरी तरह विहीन हो गया है।
प्रसूताओं की बढी मुश्किलें
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं को विशेष रूप से प्रसूताओं को सबसे ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं। डॉक्टर की अनुपस्थिति में उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है जिससे उन्हें निजी अस्पतालों या दूसरे जिलों की ओर रुख करने को मजबूर होना पड़ रहा है। यह न केवल आर्थिक बोझ बढ रहा है बल्कि आपातकालीन प्रसव के मामलों में बड़ा खतरा उत्पन्न कर सकता है।
जनमानस में आक्रोश
स्वास्थ्य सेवाओं की इस बदहाली को लेकर जनमानस में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब जिले के शीर्ष अस्पताल में ही विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं तो आम जनता अपनी बुनियादी स्वास्थ्य जरूरतों के लिए कहाँ जाए। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिले के जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
इनका कहना है
जिला अस्पताल में अन्य दो महिला चिकित्सक है वह मरीजों को देख रही है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना नामदेव 25 से 30 नवम्बर २०२५ तक के अवकाश पर है। वहीं डॉ. नीलम पटेल प्रसूति अवकाश पर चल रही है यदि कोई गंभीर कैस आता है तो उसे तत्काल नजदीकी मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया जाएगा।
डॉ. आर.पी. तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पन्ना
Created On :   28 Nov 2025 2:50 PM IST















