- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- हथिनी अनारकली ने दिए दो मादा बच्चों...
Panna News: हथिनी अनारकली ने दिए दो मादा बच्चों को जन्म, पन्ना टाइगर रिजर्व में पहली बार मादा हाथी के एक साथ दो बच्चों का हुआ जन्म

Panna News: बाघों की धरती पन्ना टाइगर रिजर्व में इस बार गजराज परिवार में भी नई खुशियों का आगमन हुआ है। रिजर्व की वरिष्ठ हथिनी अनारकली ने एक साथ दो मादा बच्चों को जन्म दिया है। यह पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में पहली बार है जब किसी हथिनी ने जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया हो। करीब तीन घंटे के अंतराल में पैदा हुए इन नन्हे मेहमानों से टाइगर रिजर्व में उल्लास का माहौल है। वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि 57 वर्षीय हथिनी अनारकली ने शुक्रवार दोपहर 2:20 बजे खैरैया क्षेत्र में पहला बच्चा दिया इसके बाद वह हिनौता हाथी कैम्प पहुंची और शाम 5:50 बजे दूसरे बच्चे को जन्म दिया। दोनों नवजात और मां पूर्णत: स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना अभूतपूर्व है क्योंकि सामान्यत: हथिनी एक ही बच्चे को जन्म देती है।
हाथिनी व शिशुओं की देखभाल के लिए विशेष दल तैनात किया गया है। अनारकली को दलिया, गुड़, गन्ना व शुद्ध घी से बने लड्डू खिलाए जा रहे हैं जिससे नवजातों को पर्याप्त दूध मिल सके। इन दो बच्चों के साथ रिजर्व में अब हाथियों की संख्या बढक़र 21 हो गई है जिनमें 5 नर और 16 मादा शामिल हैं।अनारकली की कहानी भी उतनी ही खास है। उसे वर्ष 1986 में बिहार के सोनपुर मेले से 18 वर्ष की उम्र में पन्ना लाया गया था। 39 वर्षों से यह हथिनी टाइगर रिजर्व की अभिन्न अंग रही है और अब तक छह बार बच्चों को जन्म दे चुकी है। गश्त के दौरान अनारकली अपनी बहादुरी के लिए जानी जाती है। क्षेत्र में शिकारियों या अवैध लकड़ी कटाई की आहट मिलते ही वह अपनी सूंड से पत्थर उठाकर बरसाने लगती है जिससे शिकारी भाग खड़े होते हैं।
Created On :   23 Nov 2025 12:23 PM IST














