- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- तेज रफ्तार एम्बूलेंस सीमेण्ट से लोड...
Panna News: तेज रफ्तार एम्बूलेंस सीमेण्ट से लोड खडे ट्रक से टकराई, गर्भवती महिला की मौके पर मौत, परिवार के छ: सदस्य भी घायल

- तेज रफ्तार एम्बूलेंस सीमेण्ट से लोड खडे ट्रक से टकराई
- गर्भवती महिला की मौके पर मौत
- परिवार के छ: सदस्य भी घायल
Panna News: पन्ना के अमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पन्ना कटनी रोड स्थित पिपरवाह ग्राम के समीप पेट्रोल पंप के पास खड़े सीमेंट से लदे एक ट्राले से तेज रफ्तार 108 एम्बुलेंस टकरा गई। इस टक्कर से प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला की मौके पर मौत हो गई। एंबुलेंस में बैठे पति और परिवार के भी अन्य पांच सदस्य घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी के अनुसार घटना 6-7 जुलाई की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे की है। ग्राम पड़वार थाना सिमरिया की रहने वाली प्रियंका प्रजापति उम्र 27 वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पन्ना लाया जा रहा था। एंबुलेंस जैसे ही अमानगंज के आगे पिपरवाह गांव के पास पहुंची वैसे ही सडक़ किनारे खड़े सीमेंट से लोड ट्रक से टकरा गई।
हादसे में प्रियंका के साथ ही उसका पति विनोद प्रजापति 35 वर्ष, परिवार के अन्य सदस्य ममता प्रजापति 40 वर्ष, सोमवती प्रजापति 45 वर्ष, गला प्रजापति 40 वर्ष, चमेली बाई 40 वर्ष और आशा कार्यकर्ता घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस चालक ने तुरंत दूसरी एम्बूलेंस बुलाई तथा जिला अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने प्रियंका प्रजापति और उसके गर्भस्थ शिशु को परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल जिला अस्पताल पन्ना में उपचार के लिए भर्ती हैं जिनका इलाज जारी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का पंचनामा बनाकर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। हादसे की जांच की जा रही है कि ट्राला किन परिस्थितियों में सडक़ में खड़ा था। दुखद हादसे के बाद मृतिका के परिजनों में गहन शोक व्याप्त हो गया है।
Created On :   8 July 2025 12:50 PM IST