Panna News: मड़ला विद्यालय में चौंकाने वाला निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

मड़ला विद्यालय में चौंकाने वाला निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
  • मड़ला विद्यालय में चौंकाने वाला निरीक्षण
  • शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
  • जेडी सागर का वाहन पहुंचते ही विद्यालय की ओर भागे शिक्षक

Panna News: जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़ला में शनिवार 20 सितंबर को लोक शिक्षण सागर संभाग के संयुक्त संचालक मृत्युंजय कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण ने विद्यालय की बदहाल शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। शाम ०4 बजे विद्यालय के बाहर संयुक्त संचालक को देखकर शिक्षकों का भागना विद्यार्थियों की गैर.मौजूदगी और महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही जैसी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईंए जिसके बाद संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

सडक़ पर मिलीं शिक्षिकाएं, निरीक्षण के नाम पर वापस लौटीं

निरीक्षण के लिए जाते समय संयुक्त संचालक ने विद्यालय से करीब 500 मीटर दूर सडक़ पर खड़े कुछ लोगों से विद्यालय का पता पूछा। इन्हीं लोगों के बीच दो महिला शिक्षिकाएं बस का इंतजार कर रही थीं। जब उनसे स्कूल के बारे में पूछा गया तो वह घबराकर तेजी से वापस विद्यालय की ओर लौट गईं। बाद में विद्यालय में परिचय के दौरान उनकी पहचान उच्च माध्यमिक शिक्षक श्रीमती दीपाली श्रीवास्तव और अतिथि शिक्षक श्रीमती विजेता मिश्रा के रूप में हुई। यह घटना शिक्षकों की अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और जवाबदेही की कमी को दर्शाती है।

5 बजे तक संचालित होने वाले स्कूल में 4 बजे से ही सन्नाटा

संयुक्त संचालक जब 7-8 मिनट बाद विद्यालय पहुंचे तो वहां एक भी छात्र-छात्रा मौजूद नहीं था जबकि शासन के निर्देशानुसार विद्यालय का संचालन शाम 5 बजे तक नियत है। हालांकि कुछ शिक्षक जैसे राजेश कुमार प्रजापति, हेमलता वर्मा, रामस्नेही अहिरवार और दीपाली श्रीवास्तव निरीक्षण दल के पहुंचने से पहले ही विद्यालय पहुंच गए थे। यह भी सामने आया कि वह पहले से मौजूद दो शिक्षकों द्वारा सूचित किए जाने पर वापस लौटे थे जिससे पता चलता है कि वह भी निर्धारित समय से पहले ही निकल रहे थे।

त्रैमासिक परीक्षा परिणाम में भारी लापरवाही

निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाला खुलासा त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की स्थिति को लेकर हुआ। 16 सितंबर तक तैयार हो जाने वाले और उसी दिन पालक शिक्षक बैठक में प्रस्तुत किए जाने वाले परिणाम 20 सितंबर तक भी तैयार नहीं पाए गए। इसके चलते शासन के निर्देशों के बावजूद शिक्षक-पालक बैठक आयोजित नहीं की गई। परिणाम तैयार न होने के कारण कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित करके उनके लिए उपचारात्मक कक्षाएं निदानात्मक कक्षाएं भी संचालित नहीं की गईं। इसका कोई रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। यह सीधे तौर पर विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

विज्ञान संकाय की स्थिति भी चिंताजनक

जब विद्यालय में भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान के तीन शिक्षकों से उनकी प्रयोगशालाओं के बारे में पूछा गया तो वह कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। एक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय के होते हुए भी प्रयोगशालाओं का उचित संचालन न होना अत्यंत गंभीर मामला है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि ये शिक्षक विद्यार्थियों में वैज्ञानिक अभिरुचि कैसे पैदा कर पाएंगे।

अभिलेखों का अभाव और जांच में असहयोग

निरीक्षण के दौरान मांगे गए अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख जैसे कि निरीक्षण पंजी भी तैयार नहीं पाए गए। शिक्षकों ने यह बताने से भी इनकार कर दिया कि पूर्व में कब-कब निरीक्षण हुए और क्या टिप्पणियां की गईं। इस असहयोगात्मक रवैये के कारण मजबूरन एक सादे कागज पर निरीक्षण की टिप्पणी लिखनी पड़ी जो एक शासकीय संस्थान के संचालन में गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। इस निरीक्षण के दौरान संयुक्त संचालक के साथ छतरपुर और पन्ना की प्रभारी सहायक संचालक श्रीमती अनीता कुमार भी मौजूद थीं। जिन्होंने भी विद्यालय की कार्यप्रणाली पर आश्चर्य व्यक्त किया। संयुक्त संचालक मृत्युंजय कुमार ने सभी संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर किया है और यह स्पष्ट संकेत दिया है कि शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाना आवश्यक है।

इनका कहना है

संयुक्त संचालक सागर का आज औचक निरीक्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मडला में हुआ है। उनके द्वारा प्राचार्य एवं बीईओ को कार्यवाही हेतु पत्र जारी किया जायेगा। वहीं मैं भी विद्यालय में पदस्थ जो शिक्षक-शिक्षिकायें समय के पूर्व विद्यालय से चले गये थे उनको कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगूगा व आगे इसकी सतत मानीटङ्क्षरग की जायेगी।

रविप्रकाश खरे, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी पन्ना

Created On :   21 Sept 2025 12:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story