- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- हाजिरी के लिए उफनते नाले में उतरा...
ई-अटेंडेंस बनी मुसीबत: हाजिरी के लिए उफनते नाले में उतरा शिक्षक, ग्रामीणों ने बचाई जान

डिजिटल डेस्क,पन्ना। शिक्षा विभाग की ई-अटेंडेंस व्यवस्था दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पन्ना जिले के पवई विकासखंड के ग्राम कुटरहिया में शिक्षक सुनंदी चौधरी विद्यालय पहुंचने के दौरान उफनते नाले को पार करते समय तेज बहाव में बहने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के कारण वे समय पर विद्यालय नहीं पहुंच सके और उनकी ई-अटेंडेंस भी दर्ज नहीं हो सकी।
दूरस्थ विद्यालयों में सड़क और मोबाइल नेटवर्क के अभाव में शिक्षक रोजाना जोखिम उठाकर विद्यालय पहुंच रहे हैं। कई स्थानों पर नेटवर्क की तलाश में पहाड़ियों और ऊंचे स्थानों तक जाना पड़ता है।
शिक्षकों का कहना है कि समय पर ई-अटेंडेंस नहीं लगने पर वेतन कटौती का डर बना रहता है, जबकि दुर्गम क्षेत्रों की परिस्थितियां अलग हैं।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी हाकम सिंह यादव ने बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जो नेटवर्क और आवागमन संबंधी कठिनाइयों की जांच करेगी। उन्होंने बारिश के दौरान शिक्षकों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
Created On :   21 July 2026 5:50 PM IST











