- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जर्जर सीसी सड़क से राहगीर परेशान,...
Panna News: जर्जर सीसी सड़क से राहगीर परेशान, सुविधा मार्ग बना दुविधा

Panna News: शहर के वार्ड क्रमांक ०१ स्थित चिटाकुआँ मैदान के पीछे वाली गली की सीसी रोड पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण शॉर्टकट रास्तों में से एक है लेकिन लंबे समय से इसकी उपेक्षा के कारण इसकी हालत बद से बदतर हो गई है।
महत्वपूर्ण मार्ग की उपेक्षा
यह सडक़ महेंद्र भवन के बगल वाले रास्ते से होते हुए सीधा इंद्रपुरी कॉलोनी तक पहुँचने का एक सुगम माध्यम है। इसके अलावा दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए यह मार्ग कलेक्ट्रेट और न्यायालय तक पहुँचने का एक बेहद उपयोगी और सीधा शॉर्टकट भी है। अपनी इसी उपयोगिता के कारण इस मार्ग पर दिनभर लोगों का आवागमन बना रहता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार सडक़ लंबे समय से खराब स्थिति में है। सीसी रोड जगह-जगह से उखड़ गई है जिससे गहरे गढ्ढे बन गए हैं। जर्जर हालत के कारण विशेष रूप से बारिश के दिनों में यह मार्ग कीचड़ और जलभराव के कारण और भी खतरनाक हो जाता है। राहगीरों को चोट लगने और वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों को अपने घरों तक पहुँचने में भी रोजमर्रा की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल इस मार्ग का जीर्णोद्धार मरम्मत कराने की मांग की है ताकि लोगों को इस महत्वपूर्ण सुविधा मार्ग पर होने वाली दुविधा से निजात मिल सके और आवागमन सुचारू हो सके। वही इस सम्बंध में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से जानकारी लेने की कोशिश की तो सम्पर्क नहीं हो पाया।
Created On :   22 Nov 2025 1:48 PM IST














