- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- नो-एंट्री में ट्रक ने किया प्रवेश,...
Panna News: नो-एंट्री में ट्रक ने किया प्रवेश, विधायक स्वयं फंसे जाम में, ट्रक पर पांच हजार का यातायात पुलिस ने किया जुर्माना

- नो-एंट्री में ट्रक ने किया प्रवेश, विधायक स्वयं फंसे जाम में
- ट्रक पर पांच हजार का यातायात पुलिस ने किया जुर्माना
Panna News: शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सुबह 9:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद नियमों का उल्लंघन लगातार जारी है। इसी का खामियाजा आज दोपहर शहरवासियों के साथ-साथ प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री और स्थानीय विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह को भी झेलना पड़ा। जब वह बीच बाजार में लगे जाम में करीब 15 मिनट तक फंसे रहे। घटना दोपहर लगभग 12:30 बजे की है। ट्रक क्रमांक यूपी-71-टी-9448 जो बड़ा बाजार में ईंटें उतारने आया था नो-एंट्री ज़ोन का उल्लंघन करते हुए बड़ा बाजार से बल्देव जी मंदिर की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान बीच बाजार में भारी जाम लग गया। संयोगवश इसी मार्ग से निकल रहे विधायक पन्ना बृजेन्द्र प्रताप सिंह का वाहन भी इस जाम में फंस गया। करीब 15 मिनट तक उनका वाहन आगे नहीं बढ़ पाया जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस पर विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार से दूरभाष पर संपर्क किया और शहर के अंदर इस तरह के बिगड़ते हालातों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने यातायात विभाग की ढिलाई पर भी सवाल उठाए जिसके कारण बार-बार नो-एंट्री का उल्लंघन हो रहा है। विधायक के हस्तक्षेप के बाद यातायात विभाग तत्काल हरकत में आया।
यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार के निर्देश पर सक्रिय हुई टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त ट्रक को नो-एंट्री वाले इलाके में प्रवेश करने के आरोप में पकड़ा। ट्रक को जप्त कर थाना ले जाया गया जहाँ यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में उस पर 5 हजार रूपए का चालान किया गया। यह घटना शहर में यातायात व्यवस्था की लचर स्थिति को उजागर करती है। पन्ना में नो-एंट्री का नियम लंबे समय से लागू है लेकिन अक्सर देखा जाता है कि भारी वाहन विशेषकर मालवाहक ट्रक दिन के समय भी शहर के अंदर प्रवेश कर जाते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। सकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी वाहनों का प्रवेश आम जनता के लिए भी परेशानी का सबब बनता है। स्थानीय निवासियों ने कई बार इस समस्या को उठाया है व यातायात विभाग से इस पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है। आज की घटना ने एक बार फिर इस मुद्दे की गंभीरता को उजागर किया है। यातायात विभाग को यह सुनिश्चित करना होगा कि नो-एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन हो और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। केवल चालान काटने से ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा बल्कि इसके लिए लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान भी चलाने होंगे। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
Created On :   28 July 2025 12:25 PM IST