- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जनपद कार्यालय में गूंजा वंदे मातरम,...
Panna News: जनपद कार्यालय में गूंजा वंदे मातरम, पवई में मनाई गई 150वीं वर्षगांठ

Panna News: भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज जनपद सभागार पवई में उल्लास और गर्व से ओतप्रोत गरिमामयी समारोह आयोजित किया गया। विकासखंड के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर मातृभूमि के प्रति आस्था और समर्पण का भाव प्रकट किया। राजधानी भोपाल के शौर्य स्मारक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का प्रत्यक्ष प्रसारण जनपद सभागार पवई में किया गया जिसे उपस्थित जनों ने बड़े उत्साह से देखा। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहनी आनंद मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं बल्कि स्वतंत्रता संग्राम का प्राण मंत्र था। जिससे अंग्रेज साम्राज्य की नींद उड़ गई थी।
यह गीत देशभक्तों की शक्ति, साहस और संकल्प का प्रतीक बन स्वतंत्र भारत की आत्मा में रच-बस गया। आज भी यह हर भारतीय के हृदय में वही उत्साह, ऊर्जा और देशप्रेम की लौ प्रज्वलित करता है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में एसडीएम समीक्षा जैन, बीईओ नम्रता जैन, तहसीलदार पवई त्रिलोक सिंह पोशाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश उपाध्याय, विकासखंड अकादमिक समन्वयक रघुवीर तिवारी सहित जनपद कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समापन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति को नमन करते हुए वंदे मातरम की स्वर लहरियों से पूरा सभागार गूंज उठा। शासन के निर्देशानुसार वंदे मातरम गीत की 150वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे वर्ष विभिन्न देश भक्तिपूर्ण कार्यक्रम किए जाने की योजना है। यह गीत आज भी प्रत्येक भारतीय के हृदय में देशप्रेम की अमर प्रेरणा देता है।
Created On :   8 Nov 2025 3:05 PM IST














