- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- कायस्थ समाज के उपाध्यक्ष रामेश्वर...
Panna News: कायस्थ समाज के उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद खरे की शहरवासियों से जल संरक्षण की अपील

- गर्मी के मौसम की दस्तक के साथ ही जल संकट की आशंका
- शहरवासियों से जल संरक्षण की अपील
Panna News: गर्मी के मौसम की दस्तक के साथ ही जल संकट की आशंका गहराने लगी है। इसे देखते हुए कायस्थ समाज के उपाध्यक्ष व सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर प्रसाद खरे ने शहर के नागरिकों से पानी की बचत करने की पुरजोर अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में जल का स्तर तेजी से गिरता है जिससे आमजन को पीने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह जल के महत्व को समझे और इसका सदुपयोग करे। श्री खरे ने दैनिक जीवन में पानी की बचत करने के कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह ब्रश करते समय, कपड़े धोते समय और बर्तन साफ करते समय नल को अनावश्यक रूप से खुला न छोड़ें।
उन्होंने शावर की जगह बाल्टी और मग का उपयोग करने, वाहनों को धोने के बजाय गीले कपड़े से साफ करने और घर के आसपास पौधों को पानी देने के लिए पाइप की जगह वॉटर कैन का इस्तेमाल करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि घरों में वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित करना जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। इस प्रणाली के माध्यम से एकत्रित वर्षा जल का उपयोग बागवानी और अन्य गैर पीने योग्य कार्यों के लिए किया जा सकता है। श्री खरे ने शहर के सभी नागरिकों से एकजुट होकर जल संरक्षण के इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने का आव्हान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझें और पानी का सोच-समझकर उपयोग करे तो हम आने वाली गर्मी में जल संकट की समस्या से काफी हद तक निपट सकते हैं। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद से सागर भरता है और जल की एक-एक बूंद कीमती है।
Created On :   11 May 2025 11:59 AM IST