- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- नवले पुल पर फिर हुआ हादसा : तेज...
Pune City News: नवले पुल पर फिर हुआ हादसा : तेज रफ्तार कार डिवायडर से टकराई, दो लोग घायल

भास्कर न्यूज, पुणे। नवले पुल का इलाका एक बार फिर हादसों को लेकर सुर्खियों में है। पिछले 13 नवंबर के भयानक हादसे के बाद भी इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। ताजा घटना में, बीती आधी रात तेज रफ्तार से आ रही एक कार डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मध्यरात्रि लगभग साढ़े बारह बजे नवले पुल परिसर के सर्विस रोड पर हुई। तेज रफ्तार कार पर चालक का नियंत्रण छूट जाने के कारण वह सर्विस रोड पर बने डिवाइडर से जा टकराई और टक्कर के बाद पलट गई। कार में सवार दोनों लोगों को चोटें आई हैं।हादसे के बाद सर्विस रोड पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया था। सिंहगढ़ रोड पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को सामान्य किया।
नवले पुल क्षेत्र बायपास मार्ग पर दुर्घटनाओं के लिए अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। नया कात्रज टनल से लेकर नवले पुल तक लगभग सात किलोमीटर की दूरी तीव्र ढलान वाली है, जिसके कारण अक्सर भारी वाहनों के ब्रेक फेल हो जाते हैं और गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं।
नवले पुल पर कुछ दिन पहले, 13 नवंबर को, सातारा से मुंबई की ओर जा रहे एक कंटेनर चालक का वाहन पर से नियंत्रण सुट गया था। अनियंत्रित कंटेनर ने 10–12 वाहनों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में लगी आग में आठ लोगों की जलकर मृत्यु हो गई थी, जबकि 9 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
तीव्र उतार बना हादसों का कारण
कात्रज बोगदा से नवले पुल तक सात किलोमीटर लंबा तीव्र ढलान है। इस दौरान अनेक भारी वाहन ब्रेक फेल होने से नियंत्रण गंवा बैठते हैं, जिससे गंभीर हादसे होते हैं। पिछले पांच वर्षों में इस मार्ग पर दरीपूल, स्वामीनारायण मंदिर, नऱ्हे–वडगांव बुद्रुक परिसर सहित कुल 95 गंभीर दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 115 लोगों की जान गई। इसी अवधि में 72 गंभीर हादसों में 94 लोग घायल हुए हैं।
सुरक्षा के लिए कदम: गति सीमा 30 किमी प्रति घंटा
लगातार बढ़ते हादसों को देखते हुए ट्रैफिक ब्रांच के डीसीपी हिंमत जाधव ने नवले पुल परिसर में सभी वाहनों के लिए गति सीमा 30 किमी प्रति घंटा निर्धारित करने के आदेश जारी किए हैं।
उन्नत पुल परियोजना को मिली मंजूरी
बढ़ती दुर्घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने राष्ट्रीय महामार्ग प्राधिकरण, महापालिका और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से दुर्घटना-नियंत्रण उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं। नऱ्हे से रावेत तक उन्नत पुल परियोजना का आराखड़ा मंजूर हो चुका है। इस प्रकल्प के लिए जल्द ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आगे की कार्यवाही हेतु संपर्क किया जाएगा।
Created On :   25 Nov 2025 1:29 PM IST












