Pune City News: स्पा और लॉज की आड़ में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस की सख्ती

स्पा और लॉज की आड़ में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस की सख्ती
  • चाकण–हिंजवड़ी में धड़क कार्रवाई, पांच महिलाओं का रेस्क्यू
  • सालभर में 26 छापेमारी; 55 महिलाओं का रेस्क्यू

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। वेश्यावृत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के अवैध मानव तस्करी रोकथाम सेल ने चाकण और हिंजवड़ी परिसर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे के निर्देश पर रिहायशी होटल, लॉज, स्पा और मसाज पार्लर पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जिसके तहत कई अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ हुआ है। स्पा सेंटरों और एक रेसिडेंशियल फ्लैट सहित चार जगहों को एक वर्ष के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। पिछले सप्ताह पुलिस टीम ने चाकण स्थित आलंदी फाटा के समीप एक लॉज पर छापा मारा। इस कार्रवाई में 5 महिलाओं को वेश्यावृत्ति के धंधे से मुक्त कराया गया। पुलिस ने लॉज संचालक गजानन सतवाजी आव्हाड (28) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चाकण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। इससे पहले, पिछले सप्ताह हिंजेवाड़ी के एक स्पा से एक महिला और रावेट स्थित स्पा से दो महिलाओं को बचाया गया था। इन मामलों में भी संबंधित स्पा संचालकों और मालिकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।

- सालभर में 26 छापेमारी; 55 महिलाओं का रेस्क्यू

सेल के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन गीते, सहायक निरीक्षक भास्कर पुल्ली, सहायक फौजदार सुनील शिरसाट, हवलदार मारुती करचुंडे, भगवंता मुठे आदि के समावेश वाली पुलिस टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। बहरहाल सेल ने साल के दौरान 26 जगहों पर छापेमारी की। इसमें 6 स्पा/मसाज पार्लर, 7 होटल, 3 फ्लैट और 10 ऑनलाइन प्रॉस्टिट्यूशन के मामले शामिल हैं। इस ऑपरेशन में 42 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने 55 पीड़ित महिलाओं को बचाया। पब्लिक जगहों पर गंदे इशारे करने के 65 मामलों में 97 महिलाओं के खिलाफ पिटा एक्ट के सेक्शन 8 के तहत कार्रवाई की गई।

चार जगहें एक साल के लिए सील-

स्पा और मसाज पार्लर की आड़ में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने वाकड, हिंजवड़ी, सांगवी के स्पा सेंटरों और एक रेसिडेंशियल फ्लैट सहित चार जगहों को एक वर्ष के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। संदिग्ध जगहों की जांच जारी है और पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में और भी स्थानों पर कार्रवाई हो सकती है।

Created On :   25 Nov 2025 3:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story