- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- सोसायटी परिसर में खड़ी बाइक में...
Pune City News: सोसायटी परिसर में खड़ी बाइक में लगाई आग

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर के वारजे क्षेत्र में एक सोसायटी परिसर के अंदर खड़ी बाइक में आग लगाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में राजकुमार इरन्ना सुतार (27), निवासी समर्थनगर, सिंहगड रोड के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना वारजे-एनडीए रोड स्थित शिवणे इलाके की सदगुरु गैलेक्सी अपार्टमेंट सोसायटी में रविवार देर रात हुई। सोसायटी में रहने वाली श्वेता सुतार ने वारजे मालवाडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, महिला के पति ने अपनी बाइक सोसायटी परिसर में पार्क की थी। देर रात आरोपी ने बाइक पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। विवाद के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में विश्रांतवाडी के धानोरी इलाके में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां विवाद के बाद एक युवक की बाइक को आग के हवाले कर दिया गया था। उस मामले में आग फैलने से अन्य वाहनों को भी नुकसान हुआ था और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।
Created On :   23 March 2026 2:51 PM IST












