- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पुणे-नाशिक हाईवे पर भीषण हादसा, एक...
Pune City News: पुणे-नाशिक हाईवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के तीन की मौत

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे-नाशिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंचर के समीप रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, पिंपरी निवासी मल्लिकार्जुन शिवराम आंबेगावे (46) अपने परिवार के साथ नाशिक से पुणे लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे एकलहरे गांव की सीमा में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रही बस से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में मल्लिकार्जुन आंबेगावे, उनकी पत्नी आरती आंबेगावे (42) और सास लता बाळू तूपलोंढे (63) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बेटा प्रेम आंबेगावे (20) और बेटी मृणाल आंबेगावे (16) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका स्थानीय निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद कार से धुआं निकलने लगा था। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बैटरी के तार अलग किए और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने के पीछे टायर फटना या पीछे से आ रहे किसी वाहन का दबाव कारण हो सकता है। बस के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
Created On :   23 March 2026 3:06 PM IST












