- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- दो सड़क हादसों में बुजुर्ग व युवक...
Pune City News: दो सड़क हादसों में बुजुर्ग व युवक की मौत

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में बीते दो दिनों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग और एक युवक की जान चली गई। ये घटनाएं वाघोली और मंगलवार पेठ क्षेत्रों में हुईं। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पहली घटना पुणे-अहिल्यानगर रोड पर वाघोली इलाके में हुई। यहां सड़क पार कर रहे 73 वर्षीय वसंतराव मारोतराव मगरे को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए वसंतराव को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, वसंतराव मगरे मूल रूप से यवतमाल के निवासी थे और वर्तमान में अपने बेटे के साथ वाघोली में रह रहे थे। उनका बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वहीं दूसरी घटना रविवार देर रात मंगलवार पेठ के मालधक्का चौक में हुई। रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर चल रहे एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृत युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वह मजदूरी करने वाला हो सकता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मामले में बंडगार्डन पुलिस थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों घटनाओं में फरार चालकों की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Created On :   23 March 2026 2:42 PM IST












