- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- महिला द्वारा आत्महत्या करने पर...
Pune City News: महिला द्वारा आत्महत्या करने पर ससुरालवालों पर मामला दर्ज

भास्कर न्यूज, पुणे। कोंढवा इलाके में 25 वर्षीय विवाहित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में पति, सास, देवर और ननद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मृतका का नाम दिशा निलेश शाह है। इस संबंध में कोंढवा के श्रद्धानगर में रहने वाली उसकी मां हितश्री संदेश शाह (57) ने कोंढवा थाने में शिकायत की है।
इस आधार पर पुलिस ने पति निलेश शाह, सास संगीता शाह, देवर प्रशांत शाह (सभी निवासी भूगांव) और ननद ममता वोहरा (निवासी नाशिक) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दिशा का विवाह 20 दिसंबर-24 को निलेश दिलीप शाह (30) निवासी माउंट ब्लेयर सोसाइटी, भूगांव से जैन समाज की परंपराओं के अनुसार हुआ था। निलेश निजी कंपनी में काम करता है। शादी के बाद उसने दिशा को नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया।
धीरे-धीरे घर में सभी लोग उसे ताने देने लगे। वे यह कहकर उसका मजाक उड़ाते थे कि वह धीमी है, उसे घर चलाना नहीं आता और उसकी आंखें छोटी हैं। उसे रसोई का काम करवाते, लेकिन उसके बनाए भोजन को कोई नहीं खाता था। इस तरह उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
आपकी बेटी गृहस्थी नहीं संभाल पाएगी
29 सितंबर-25 को निलेश, संगीता और ममता दिशा को उसके मायके लेकर गए। वहां ममता ने दिशा की मां से कहा कि आपने बेटी का यह रिश्ता क्यों किया? वहीं निलेश ने कहा कि दिशा से गृहस्थी नहीं संभल पाएगी और वे सभी उसे मायके में छोड़कर चले गए। अगले दिन 28 सितंबर को निलेश और उसकी मां फिर दिशा के कपड़े लेने आए। उस समय निलेश ने कहा कि वह दिशा से तलाक लेना चाहता है। उन्होंने झगड़ा किया और दिशा के गले से सोने का मंगलसूत्र और कानों के गहने जबरन उतरवा लिए। घटना के बाद दिशा गहरे तनाव में चली गई। 3 अक्टूबर दोपहर डेढ़ बजे जब उसकी मां एटीएम से पैसे निकालने गई थी, दिशा ने घर के हॉल में पंखे पर लटककर फांसी लगा ली। लौटने के बाद मां को दिशा लटकती हुई मिली। धार्मिक विधि-विधानों के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कुमार घाडगे मामले की जांच कर रहे हैं।
Created On :   7 Nov 2025 2:24 PM IST












