करतूत: गांजे के केस में फंसाने की धमकी देकर छात्र से वसूले 5 लाख, दो पुलिसकर्मियों पर गाज!

गांजे के केस में फंसाने की धमकी देकर छात्र से वसूले 5 लाख, दो पुलिसकर्मियों पर गाज!
  • गांजे के केस में फंसाने की धमकी दी
  • छात्र से वसूले 5 लाख रुपए
  • दो पुलिसकर्मियों सहित आठ पर मामला दर्ज- चार गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, पुणे। गांजा के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर एक कॉलेज छात्र से 20 लाख रुपए की मांग करते हुए उससे पांच लाख रूपये ऐंठे जाने का चौंकाने वाला मामला पुणे से सटे पिंपरी चिंचवड़ में सामने आया है। दिलचस्प बात यह है कि इस वारदात में दो पुलिस कर्मचारियों का भी समावेश है जो देहुरोड पुलिस थाने में तैनात हैं। उनके नाम पुलिस नाइक हेमंत गायकवाड़ और पुलिस कांस्टेबल सचिन शेजाल है। इस घटना के सामने आने के आने बाद पुलिस ने दोनों के साथ आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनमें से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस घटना को लेकर वैभव सिंह मनीष कुमार सिंह चौहान (उम्र 19 वर्ष, निवासी किवले, पुणे, मूल निवासी झारखंड) ने देहुरोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इसके अनुसार पुलिस ने अनिल चौधरी, अमन शेख, हुसैन डांगे, मोहम्मद अहमर मिर्जा, शंकर गोर्डे, मुन्ना स्वामी सहित पुलिस नायक हेमंत गायकवाड़ और कांस्टेबल सचिन शेजाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में अनिल चौधरी, अमन शेख, हुसैन डांगे और मोहम्मद अहमर मिर्जा को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपी फरार हो चुके हैं, उनकी खोजबीन जारी रहने की जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस के मुताबिक, वैभव चौहान किवले के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ने वाला युवक है। वह कॉलेज के होटल में रहता है। देहुरोड पुलिस स्टेशन के दो कांस्टेबल और अन्य आरोपियों ने चौहान से पैसे वसूलने की साजिश रची। इसके मुताबिक 10 फरवरी को दोपहर साढ़े बारह बजे आरोपियों ने किवले के एक कैफे से वैभव का अपहरण कर लिया। कैफे से युवक को मायाज लाउंज, गहुंजे स्टेडियम और वहां से देहुरोड पुलिस स्टेशन ले जाया गया। चौहान को गांजे के झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गयी। यह सब टालने के लिए उससे 20 लाख रुपये की मांग की गई।

अभियोजन पक्ष ने अपनी शिकायत में कहा है कि पुलिस कर्मचारियों सहित अन्य आरोपियों की धमकियों के डर से चौहान ने गूगल पे और नेट बैंकिंग के माध्यम से आरोपियों को 4 लाख 98 हजार रुपये का भुगतान किया। उनके चंगुल से छूटने के बाद वैभव ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारीयों से शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी तक संबंधित पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। देहुरोड विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त मुगुट पाटिल इस अपराध की जांच कर रहे हैं।


Created On :   15 Feb 2024 2:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story