रेस्क्यू: रसोई में बर्तनों के बीच छिपा बैठा था 6 फीट लंबा नाग, देखते ही सन्न रह गए परिवार के सदस्य

रसोई में बर्तनों के बीच छिपा बैठा था 6 फीट लंबा नाग, देखते ही सन्न रह गए परिवार के सदस्य
  • सर्पमित्र सागर धावड़े ने सतर्कता से किया रेस्क्यू
  • वन विभाग के मार्गदर्शन में नाग को जंगल में छोड़ा
  • रात 3:30 बजे रसोईघर में नाग दिखते ही परिवार में मचा हड़कंप

डिजिटल डेस्क, रामटेक। आधी रात का सन्नाटा, घर के सभी सदस्य गहरी नींद में और अचानक रसोईघर से नाग के दिखाई देने की खबर! किचन में बर्तनों की रैक के बीच करीब 6 फीट लंबा विषैला नाग छिपा बैठा था। उसे देखते ही परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। गनीमत रही कि समय रहते सर्पमित्र को बुला लिया गया और नाग को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

यह घटना तहसील के शिरपुर बोरी गांव में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनिल मड़ावी के घर में रात के समय अचानक रसोईघर में हलचल दिखाई दी। जब परिवार के सदस्यों ने ध्यान से देखा तो बर्तनों की रैक में एक विशालकाय नाग नजर आया। करीब 6 फीट लंबे विषैले नाग को इतनी नजदीक देखकर परिवार में डर का माहौल बन गया। घर के सदस्य घबराकर समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर इस स्थिति से कैसे निपटें।

आखिरकार अनिल मड़ावी ने बिना कोई जोखिम उठाए तत्काल सर्पमित्र सागर धावड़े को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही सागर धावड़े मौके पर पहुंचे। रसोईघर में बर्तनों के बीच छिपे नाग को पकड़ना आसान नहीं था। हालांकि, उन्होंने पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में नाग को सुरक्षित पकड़ लिया।

शनिवार को वन विभाग के मार्गदर्शन में पकड़े गए नाग को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया। इस तरह आधी रात को रसोईघर में हुई इस अप्रत्याशित मुलाकात का अंत सुरक्षित रहा। समय पर सर्पमित्र की मदद मिलने से परिवार ने भी राहत की सांस ली।

Created On :  

Tags

Next Story